महाअष्टमी पर बागेश्वर में दीपोत्सव: मां सरयू की आरती में उमड़े हजारों श्रद्धालु, आतिशबाजी ने बढ़ाई रौनक
महाअष्टमी पर बागेश्वर में सरयू-गोमती संगम दीपों से जगमगा उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने मां सरयू की भव्य आरती में भाग लिया, घाटों पर दीपदान और आतिशबाजी ने रौनक बढ़ाई।

रात भर जगमगाता रहा सरयू-गोमती संगम, दीपोत्सव से निखरी बागनाथ नगरी
HighLights
महाअष्टमी पर बागेश्वर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन।
सरयू-गोमती संगम के तट हजारों दीपों से रोशन हुए।
मां सरयू की आरती, आतिशबाजी से बढ़ी घाटों की रौनक।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। महाअष्टमी पर बाबा बागनाथ की नगरी दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। सरयू-गोमती संगम के दोनों तटों पर हजारों दीपों की झिलमिलाहट के बीच मां सरयू की भव्य आरती हुई। दीपदान और आतिशबाजी से सजी शाम को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू घाट पहुंचे। देर रात तक घाट आस्था और उल्लास से सराबोर रहा।
रंग-बिरंगी रोशनी के बीच हुई आरती में श्रद्धालुओं ने मां सरयू का आशीर्वाद लिया। इसके बाद नदी के दोनों तटों पर दीपदान किया गया।
दीपों से जगमगाते घाट और आतिशबाजी का नजारा आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं, दुर्गा पूजा पंडालों में भी आरती-वंदना कर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
हजारों दीपों से रोशन हुए घाट, आतिशबाजी ने बढ़ाई रौनक
विधायक पार्वती दास ने दीपदान कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि महाअष्टमी पर होने वाला यह आयोजन आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। दीपों का प्रकाश जीवन में आशा, सकारात्मकता और अच्छाई का संदेश देता है। देवी पूजा महोत्सव की ओर से महाअष्टमी पर विशाल भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
यह भी पढ़ें- आज का पंचांग 19 अक्टूबर 2026: सोमवार को बन रहा महाअष्टमी- महानवमी का संयोग, कन्या पूजन से पहले देखें शुभ मुहूर्त
समिति के अनुसार, हर वर्ष इस अवसर पर भंडारे का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश आर्या, उमेश साह, नवीन रावल, विजयपाल मटियानी और नवीन लाल साह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
