बागेश्वर के बदियाकोट भगवती मंदिर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, चार करोड़ का नुकसान, CM धामी ने दिए पुनर्निर्माण के निर्देश
कपकोट के बदियाकोट स्थित प्राचीन मां भगवती मंदिर में शुक्रवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे मंदिर पूरी ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। कपकोट के बदियाकोट स्थित प्राचीन मां भगवती मंदिर में शुक्रवार सुबह आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है। आग से मंदिर पूरी तरह जलकर राख हो गया।
मंदिर में चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामग्री भी नष्ट हो गई। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष भरत सिंह दानू ने करीब चार करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए जिलाधिकारी को नुकसान का आकलन कर पुनर्निर्माण शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे डौला गांव के ग्रामीणों ने मंदिर से धुआं उठता देखा और मंदिर कमेटी के लोगों को सूचना दी। ग्रामीणों के एकत्र होने तक आग पूरे मंदिर में फैल चुकी थी। सूचना मिलने पर तहसील और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं।
क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर का मुआयना किया और कमेटी पदाधिकारियों, चौकीदार समेत अन्य लोगों से जानकारी जुटाई। चौकीदार ने बताया कि मंदिर में जलाए जाने वाले दीपकों का तेल रात में समाप्त होने के बाद वे बुझ गए थे।
कपकोट के प्रभारी थानाध्यक्ष एसआइ राजेंद्र सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया आग शार्ट सर्किट से लगने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भरत सिंह दानू ने बताया कि मंदिर को दोबारा बनाने के प्रयास जल्द शुरू किए जाएंगे। प्राचीन मंदिर के नष्ट होने से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने फेसबुक पर पोस्ट साझा कर मंदिर को पहुंची क्षति को दुखद बताया। उन्होंने जिलाधिकारी को नुकसान का आकलन करने और पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- बागेश्वर के दर्शानी में फिर दिखा गुलदार, परिवार की सूझबूझ से बची ग्रामीण की जान
