विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागेश्वर के दर्शानी में फिर दिखा गुलदार, परिवार की सूझबूझ से बची ग्रामीण की जान

Published: Sat, 17 Oct 2026 08:54 AM (IST)

बागेश्वर के दर्शानी और जीजोली गांव में गुलदार की आवाजाही से दहशत है। हाल ही में दर्शानी में एक ग्रामीण ...और पढ़ें

HighLights

  1. गुलदार की आवाजाही से दर्शानी और जीजोली गांव में दहशत

  2. परिवार की सतर्कता से ग्रामीण गुलदार के हमले से बचे

  3. वन विभाग गश्त बढ़ाएगा, जरूरत पड़ने पर पिंजरे लगाएगा

जागरण संवाददाता, बागेश्वर। दर्शानी और जीजोली गांव में गुलदार की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत है। दर्शानी में शाम के समय सड़क किनारे झाड़ियों में दुबके गुलदार ने एक ग्रामीण पर नजर गड़ा दी।

परिजनों की सतर्कता से ग्रामीण समय रहते सुरक्षित स्थान पर लौट आए। बाद में झाड़ियों में बैठा गुलदार कैमरे में कैद हुआ। इससे पहले गांव में घास काट रही एक महिला पर गुलदार के हमले की घटना भी सामने आ चुकी है।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण अपने पालतू कुत्तों को टहलाने मुख्य सड़क के किनारे निकले थे। इसी दौरान सड़क के नीचे झाड़ियों में छिपे गुलदार पर घर के ऊपरी हिस्से में मौजूद स्वजन की नजर पड़ी। उन्होंने आवाज देकर ग्रामीण को सचेत किया, जिसके बाद वह सुरक्षित लौट आए।

प्रभावी कार्रवाई की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार की सक्रियता पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों से गुलदार दिखाई देने की सूचनाएं मिल रही हैं। संबंधित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाकर निगरानी की जा रही है। जरूरत पड़ने पर पिंजरे भी लगाए जाएंगे, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका कम की जा सके।

उन्होंने ग्रामीणों से घरों के आसपास झाड़ियों की सफाई करने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने की अपील की। शाम छह बजे के बाद बच्चों को अकेले बाहर न जाने देने, पालतू पशुओं को सुरक्षित पशुशाला में रखने और अंधेरे में अकेले निकलने से बचने की सलाह दी। गुलदार दिखने पर उसके नजदीक जाने या उसे उकसाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने को कहा।

यह भी पढ़ें- अब तक पकड़ में नहीं आया पौड़ी का आमदखोर गुलदार, गांव में जॉय हुकिल संग शिकारी दल तैनात

यह भी पढ़ें- आदमखोर घोषित हुआ उत्तराखंड के पौड़ी में महिला को मारने वाला गुलदार, गांव में शिकारी दल तैनात