बागेश्वर के खेतों में अचानक आ धमका गुलदार, धान मड़ाई कर रही महिलाओं में मची भगदड़
बागेश्वर के राजसेरा गांव में धान की मड़ाई कर रही महिलाओं के बीच अचानक गुलदार आ गया, जिससे भगदड़ मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
HighLights
राजसेरा गांव में धान मड़ाई के दौरान गुलदार खेतों में दिखा
गुलदार को सामने देख महिलाओं में भगदड़ मची, दहशत फैली
ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। पहाड़ में खेत अब सिर्फ अनाज उगाने की जगह नहीं रह गए हैं, यहां हर कदम पर वन्यजीवों का खतरा ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रहा है। गरुड़ तहसील के राजसेरा गांव में शुक्रवार सुबह धान की मड़ाई कर रही महिलाओं के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक गुलदार खेतों में आ धमका।
गुलदार को सामने देख महिलाएं काम छोड़कर जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थान की ओर भागीं। कुछ देर खेतों के आसपास विचरण करने के बाद गुलदार झाड़ियों में छिपते-छिपाते वहां से निकल गया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
खेतों में जाना जोखिम भरा
ग्रामीणों के अनुसार, गुलदार लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय है। वह पालतू मवेशियों को अपना शिकार बना रहा है। अब दिन के समय खेतों में पहुंचने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। महिलाओं का कहना है कि पहाड़ में खेती का काम मजबूरी भी है और जीवन का आधार भी, लेकिन गुलदार के खौफ के कारण खेतों में जाना जोखिम भरा हो गया है।
खेतों में काम करने वाली महिलाओं और बुजुर्गों के साथ छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता लगातार बनी हुई है। वह पालतू मवेशियों को निशाना बना रहा है।
उनका कहना है कि यदि समय रहते गुलदार को नहीं पकड़ा गया तो किसी दिन वह बच्चे, महिला या बुजुर्ग को भी नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
प्रभागीय वनाधिकारी पूरन चंद आर्य ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम में परिवर्तन के साथ गुलदार की गतिविधियों में बदलाव देखने को मिलता है। वन विभाग की ओर से संबंधित क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है और कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के रामनगर में आधी रात सड़क पर उतरा गुलदारों का कुनबा, गाड़ियों की रोशनी में खेलते दिखे शावक
