घर के आंगन में बालक पर झपटा तेंदुआ, घायल
बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील के वज्यूला क्षेत्र में गुरुवार रात तेंदुए ने एक बालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। उसे मोहन सिंह मेहता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ में भर्ती कराया गया है।
बागेश्वर, [जेएनएन]: गरुड़ तहसील के वज्यूला क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए का आतंक हो गया है। तेंदुए ने गुरुवार की रात्रि एक बालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। उसका मोहन सिंह मेहता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ में इलाज चल रहा है।
गड़खेत वन क्षेत्र के छटिया गांव निवासी विजय गिरी (9 वर्ष) पुत्र राजेंद्र गिरी गुरुवार की रात्रि शौच करने बाहर आया था। साथ में उसकी दादी भी थी। तभी घात लगाए तेंदुए ने उस पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
तेंदुआ उसे घसीट ले जा रहा था। तभी उसकी मां और दादी जोर-जोर से चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। उन्होंने भी शोर मचाया। आवाज सुनकर तेंदुआ बालक को छोड़कर भाग गया। तेंदुए के हमले में बालक घायल हो गया। ग्रामीण तत्काल घायल विजय को सीएचसी बैजनाथ लाए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इससे गांव में दहशत व्याप्त है। वज्यूला के जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र मेहता ने बताया कि वज्यूला क्षेत्र के कई गावों में इन दिनों तेंदुए की दहाड़ रात-दिन सुनाई दे रही है। लेकिन वन विभाग कोई कदम नहीं उठा रहा है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल घायल को मुआवजा देने और छटिया गांव समेत आसपास के गावों में पिंजड़ा लगाने की मांग की है। इधर घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार को वन क्षेत्राधिकारी आरएस रमोला ने छटिया गांव का दौरा किया और घायल के परिवार को हरसम्भव सहायता का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें: युवक के हौसले ने तेंदुए को किया पस्त
यह भी पढ़ें: कुत्ता समझ टार्च चमकाई को दिखा गुलदार, लाठी बनी सहारा
यह भी पढ़ें: ग्रामीण ने गोशाला में कैद किया गुलदार, चकमा देकर भागा