बागेश्वर के लीती गांव में सड़क का इंतजार, बीमार को डोली में चार किमी ढोया
बागेश्वर के लीती गांव में सड़क न होने के कारण एक बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को चार किलोमीटर तक डोली में पैदल चलना पड़ा।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। पहाड़ में सड़क का इंतजार कितना दर्दनाक हो सकता है, इसकी तस्वीर लीती गांव में एक बार फिर सामने आई। यहां बीमारी से जूझ रहे एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को चार किलोमीटर तक डोली उठाकर पैदल चलना पड़ा।
विकास के दावों के बीच आज भी पहाड़ के कई गांवों में जिंदगी और मौत के बीच का फासला सड़क से तय होता है। बीमार और गर्भवती महिलाओं के लिए डोली ही एंबुलेंस बनी हुई है।
कपकोट तहसील के लीती गांव के रामण तोक निवासी 50 वर्षीय स्पत सिंह कोरंगा कई दिनों से बुखार, सिरदर्द और टाइफाइड से पीड़ित थे। दीपावली के दूसरे दिन उनकी तबीयत बिगड़ गई।
मंगलवार सुबह ग्रामीण उन्हें डोली में बैठाकर चार किमी पैदल चलकर विनायक तक लाए। यहां से वाहन से सीएचसी कपकोट पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के अभाव में हर आपात स्थिति में इसी तरह मरीजों को ढोना पड़ता है। वर्षों से सड़क की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या जस की तस है।
मरीज को डोली से पहुंचाने वालों में दीपक कोरंगा, तारा सिंह कोरंगा, गंगा सिंह कोरंगा और ईश्वर सिंह कोरंगा शामिल रहे। ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि जल्द सड़क नहीं बनी तो आंदोलन किया जाएगा।
इसके लिए ग्रामीणों की बैठक कर रणनीति तय की जाएगी। विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि सरकार प्रत्येक गांव को सड़क से जोड़ने का प्रयास कर रही है। लीती गांव को भी जल्द सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा।
यह भी पढ़ें- सफाई कर्मी कर रहे थे सफाई, भागीरथी नाले में मिला मानव भ्रूण... बागेश्वर में सनसनी
यह भी पढ़ें- बागेश्वर वकील हत्याकांड: सरयू-गोमती संगम पर धीरेंद्र परिहार को नम आंखों से विदाई, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़