विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागेश्वर वकील हत्याकांड: प्रेमिका ने उतारा मौत के घाट, दो दिन चारपाई के नीचे छिपाया शव.. भाई ने दिया साथ

Published: Wed, 04 Nov 2026 05:11 PM (IST)Updated: Wed, 04 Nov 2026 05:12 PM (IST)

बागेश्वर में 17 दिन से लापता अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार की हत्या का खुलासा हो गया है। प्रेम प्रसंग के चलते ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार की हत्या प्रेम प्रसंग में हुई

  2. प्रेमिका लता भंडारी ने लोहे की छड़ से सिर पर वार किया

  3. शव दो दिन छिपाकर भाई के साथ खाई में फेंका

जागरण संवाददाता, बागेश्वर । 17 दिन से लापता अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते हुई थी। पुलिस के अनुसार, प्रेमिका लता भंडारी ने लोहे की छड़ से सिर पर वार कर उसकी हत्या की। इसके बाद शव को चादर में लपेटकर चारपाई के नीचे छिपा दिया। दो दिन तक शव घर में ही रखा रहा। इस दौरान लता दुर्गा पूजा और रामलीला में भी शामिल हुई।

बाद में उसने अपने भाई की मदद से शव ठिकाने लगाने की योजना बनाई। 19 अक्टूबर की सुबह दोनों वाहन से शव ले गए और गोमती नदी के किनारे थोणाई के समीप गहरी खाई में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

2022 के बाद कम होने लगी थी बातचीत

बुधवार को पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि धीरेंद्र और लता वर्ष 2020 से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, लेकिन वर्ष 2022 के बाद बातचीत कम होने लगी। लता ने धीरेंद्र का मोबाइल नंबर ब्लाक कर दिया था।

17 अक्टूबर को धीरेंद्र ने दूसरे मोबाइल से उससे संपर्क किया और शाम करीब सात से साढ़े सात बजे के बीच उसके घर पहुंचा। रात करीब 11 बजे वह दोबारा वहां गया। जबरदस्ती करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान लता ने लोहे की छड़ से उसके सिर पर वार कर दिया। चोट लगने से धीरेंद्र सीढ़ियों से नीचे गिरा और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद लता ने शव को चादर में लपेटकर चारपाई के नीचे छिपा दिया। 17 और 18 अक्टूबर की रात शव घर में ही रहा। 18 अक्टूबर को वह अपने मायके कठायतबाड़ा पहुंची और भाई को घटना बताई। पुलिस के अनुसार, उसने भाई से शव ठिकाने लगाने में मदद मांगी। भाई ने उसकी बात मान ली और दोनों ने योजना बनाई।

19 अक्टूबर की सुबह करीब 2:22 बजे दोनों ने शव को वाहन संख्या यूके 02 बी 3843 में रखा। वे भागीरथी, मंडलसेरा और आरे बाईपास होते हुए द्यांगण तथा सेंट जोसेफ स्कूल वाली सड़क से नदीगांव और गिरेछीना मोटर मार्ग पहुंचे। थोणाई के समीप गोमती नदी के किनारे करीब 90 डिग्री की ढलान से शव नीचे फेंक दिया। शव झाड़ियों में अटक गया था। पुलिस ने मंगलवार देर शाम उसे बरामद किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक की मां नंदी देवी ने 31 अक्टूबर को गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच के लिए टीम गठित कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्ध वाहन की आवाजाही के आधार पर आरोपितों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

32 वर्षीय लता भंडारी पत्नी स्व. मोहित भंडारी निवासी नुमाइशखेत तथा उसका भाई 39 वर्षीय त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू पुत्र मदन सिंह बिष्ट निवासी कठायतबाड़ा के विरुद्ध धारा 103(1)/ 238/ 61 (2) में दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- 17 दिन से लापता बागेश्वर के वकील शव खाई में मिला, 16 बार किया एक महिला को फोन... दो लोग गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- बागेश्वर में केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा का अधिवक्ताओं ने किया घेराव, लापता वकील की तलाश को लेकर हंगामा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।