मंत्री टम्टा ने किया कुजगढ़ नदी पर बन रहे पुल का निरीक्षण
केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कुजगढ़ नदी पर बनने वाले पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण का आश्वासन दिया।
रानीखेत, [जेएनएन]: रानीखेत-खैरना स्टेट हाईवे से विकास खंड बेतालघाट और ताड़ीखेत के तमाम गांवों को जोड़ने के लिए कुजगढ़ नदी पर करोड़ों की लागत से बन रहे पुल का केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने राज्य मंत्री को कई समस्याओं से अवगत कराया। जिस पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा कुजगढ़ नदी पर 13. 50 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे मोटर पुल के निरीक्षण को पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। भाजपा मंडल अध्यक्ष दलीप सिंह बोहरा ने राज्य मंत्री को निर्माणाधीन पुल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन हटवाए जाने और 1993 में बाढ़ में बहे पुल का हिस्सा नदी से हटाए जाने की मांग की। जिससे निर्माण कार्यों में देरी ना हो।
राज्यमंत्री ने समस्याओं के समाधान को तत्काल विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करने का भरोसा दिलाया। साथ ही तय समय में पुल निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य बेतालघाट धीरज जोशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिलीप सिंह नेगी, प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष बिशन जंतवाल, महामंत्री मनीष तिवारी, सुरेंद्र मेहरा, वीरेंद्र बिष्ट, फिरोज अहमद ,कुलदीप बिष्ट, चंदन सिंह,महेंद्र सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।
इन गावों को मिलेगा लाभ
कुजगढ़ नदी पर मोटर पुल बन जाने के बाद विकासखंड बेतालघाट के बरधो रतौड़ा, नैनीचेक, तिवारी गांव, बेतालघाट तथा विकास खंड ताड़ीखेत के मंडलकोट, टूनाकोट, चापड़,बलियाली, बयैड़ी, हिड़ाम जैसे तमाम गांव के बाशिंदे लाभांवित होंगे।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में 88 नगर निकायों में होंगे चुनाव: मदन कौशिक
यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव: भाजपा के हर दांव पर कांग्रेस की निगाह
यह भी पढ़ें: खेल मंत्री के बयान पर कांग्रेस का तंज, सबूत हैं तो देर किस बात की