जागेश्वर धाम में छुट्टियों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, यातायात व्यवस्था चरमराई
तीन दिन की छुट्टियों के चलते जागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे जागेश्वर-दण्डेश्वर मार्ग पर भीषण जाम ...और पढ़ें
-1790946859850_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। तीन दिन की छुट्टियों के चलते शुक्रवार को जागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह 11 बजे से ही जागेश्वर-दण्डेश्वर मार्ग पर वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई। दोपहर बाद भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की स्थिति विकट हो गई।
जाम खुलवाने में पुलिस और प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आरतोला पार्किंग के भर जाने के बाद सड़क किनारे भी वाहनों का जमावड़ा लग गया। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने दोपहर एक बजे से आर्टोला पार्किंग से जागेश्वर के लिए शटल सेवा शुरू की।
हालांकि, शटल सेवा के लिए स्थानीय टैक्सी चालकों को पूर्व सूचना नहीं दिए जाने के कारण पर्याप्त टैक्सियां उपलब्ध नहीं हो सकीं। इससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
शटल वाहन नहीं मिलने पर कई श्रद्धालुओं को आर्टोला से करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर जागेश्वर पहुंचना पड़ा। मंदिर में दर्शन के लिए भी श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार करना पड़ा।
खास बात यह रही कि जागेश्वर में पिछले करीब 15 दिनों से लगातार श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ पहुंच रही है। इसके बावजूद तीन दिन की छुट्टियों में भीड़ बढ़ने की स्थिति को लेकर पहले से पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
भीड़ बढ़ने के बाद शटल सेवा शुरू की गई, लेकिन तब तक हालात काफी बिगड़ चुके थे। श्रद्धालुओं ने यातायात और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की मांग की।
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा एसएसजे में छात्रसंघ चुनाव के बाद विवाद, छत पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन... कुलपति का फूंका पुतला
यह भी पढ़ें- Student Union Election: अल्मोड़ा एसएसजे विवि में दिवस अध्यक्ष, छह पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
