विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर से 300 मीटर पहले काल बनी खाई, 10 घंटे बाद चला हादसे का पता... अलग-अलग छिटके मिले मां-बेटी के शव

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:15 AM (IST)

भैयादूज मनाकर लौट रही मां-बेटी और चालक की अल्मोड़ा के हरड़ा गांव के पास मैक्स वाहन खाई में गिरने से ...और पढ़ें

हादसे के 10 घंटे बाद चल सका घटना का पता. Jagran

हादसे के 10 घंटे बाद चल सका घटना का पता. Jagran

HighLights

  1. भैयादूज के बाद घर लौटते समय हुआ हादसा

  2. मैक्स वाहन 300 मीटर गहरी खाई में गिरा, तीन की मौत

  3. हादसे का पता 10 घंटे बाद सुबह चला

संवाद सहयोगी, पनुवौनाला। भैयादूज की खुशियां मनाकर घर लौट रही मां-बेटी को क्या पता था कि घर से चंद कदम पहले ही मौत उनका इंतजार कर रही है।

नैनी-जागेश्वर-सेराघाट मोटर मार्ग पर हरड़ा गांव के पास बुधवार देर रात एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में मां-बेटी और चालक मौत हो गई। रात में खाई में झाड़ियों के बीच पड़े शवों तक किसी की नजर नहीं पहुंच सकी। गुरुवार सुबह हादसे के 10 घंटे बाद घटना का पता चलने पर पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया।

भैंसियाछाना ब्लाक के हरड़ा निवासी बसंती गैड़ा (48) अपनी 15 वर्षीय बेटी अंजली के साथ भैयादूज मनाने मायके बुगली (पिथौरागढ़) गई थीं। बुधवार देर शाम दोनों मैक्स वाहन संख्या यूके-01-टीए-1299 से चालक हयात सिंह (28) पुत्र स्व. शेर सिंह निवासी न्योली के साथ घर लौट रही थीं।

घर से महज आधा किलोमीटर पहले हरड़ा गांव के समीप बंदीखोला मंदिर के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

दूसरे मकान में सोने की आशंका में रातभर नहीं हुई तलाश, सुबह मिली हादसे की खबर

मृतका बसंती गैड़ा के दो मकान हैं। रात में जब वह एक मकान में नहीं पहुंचीं तो पति और पुत्र को लगा कि वह दूसरे मकान में जाकर सो गई होंगी। इसी आशंका में रातभर उनकी तलाश नहीं की गई। सुबह तक घर नहीं लौटने पर स्वजन ने खोजबीन शुरू की तो हादसे का पता चला।

दुर्घटना में बसंती के साथ उनकी पुत्री अंजली की भी मौत हो गई। वहीं, मृतक चालक घर में अकेला रहता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था, जबकि एक भाई निजी कंपनी में बाहर नौकरी करता है।

क्रस बैरियर होते तो टल सकता था हादसा

जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां पर केवल पैराफिट था, लोगों का कहना है कि क्रस बैरियर होता तो शायदा हादसा टल सकता था। तीन लोगों की जान बच सकती थी। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया ओवर स्पीड के नींद की छपकी आना हादसे का कारण हो सकता है।

अलग-अलग छिटके मिले शव

हरड़ा के समीप देर रात्रि हुए हादसे में वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भयानक था कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन के अंदर बैठे चालक समेत दो अन्य यात्री अलग-अलग छिटक गए।

10 घंटे बाद चला हादसे का पता

हरड़ा के पास बुधवार देर रात्रि हुए हादसे की लोगों को भनक तक नहीं लगी। हादसा होने के 10 घंटे बाद घटना का पता चल सका। गुरुवार को सुबह हादसा स्थल से गुजर रहे दुकानदार विनोद जोशी ने खाई में गिरे वाहन को देखा जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों को सूचना दी। धौलछीना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया।

जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने जताया शोक

हरड़ा के पास हुए हादसा में तमाम जनप्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त किया है। यहां शोक जताने वालों में दर्जा मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल, प्रधान जितेंद्र रावत, कुंदन लटवाल, रघुनाथ सिंह चौहान, विधायक मोहन सिंह मेहरा, आनंद अंडोला, सुभाष पांडे समेत कई लोग शामिल रहे।

पनुवानौला अस्पताल में हुआ पोस्टमार्टम

हादसे के बाद स्वजन की मांग पर प्रशासन की ओर से पनुवानौला स्थित अस्पताल में ही तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम हाउस में भी लोगों की भीड़ लगी रही।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में हादसा: भाईदूज मनाकर लौट रही थीं मां-बेटी, खाई में गिरा वाहन... तीन की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।