चांदपुर में बनेगा वाराणसी का पहला अंतरराज्यीय बस टर्मिनल; शासन को भेजा गया प्रस्ताव
वाराणसी में चांदपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र ईरी की 9 एकड़ अनुपयोगी जमीन पर अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
चांदपुर में 9 एकड़ अनुपयोगी जमीन पर ISBT का प्रस्ताव।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद जमीन हस्तांतरण और डीपीआर बनेगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधी कनेक्टिविटी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। शहर में लंबे समय से प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) को लेकर तैयारी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने चांदपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र ईरी की लगभग नौ एकड़ अनुपयोगी जमीन पर आईएसबीटी बनाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है।
अब कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार है। प्रस्ताव को हरी झंडी मिलते ही जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा।
चांदपुर में प्रस्तावित टर्मिनल शहर से बाहर होने के साथ लंबी दूरी की बसों के संचालन के लिए राह आसान होगी। यहां से राष्ट्रीय राजमार्ग तक सीधी कनेक्टिविटी होगी।
साथ ही दूसरे राज्यों से आने-जाने वाली बसें शहर के अंदर प्रवेश नहीं करेंगी। बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और दिल्ली समेत दूसरे राज्यों की बसों का संचालन यहां से किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- जल्द नए लुक में नजर आएगा वाराणसी एयरपोर्ट, 2870 करोड़ रुपए से हो रहा कायाकल्प; मिलेंगी कई हाईटेक सुविधाएं
यात्रियों की मिलेगी सभी सुविधाएं
प्रस्तावित आईएसबीटी को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पार्किंग, फूड प्लाजा समेत अन्य यात्री सुविधाएं विकसित होंगी। इलेक्ट्रिक बसों के बढ़ते संचालन को देखते हुए चार्जिंग स्टेशन की सुविधा भी प्रस्ताव में शामिल की गई है। यात्रियों को एक ही परिसर में बस संचालन से जुड़ी ज्यादातर सुविधाएं मिलेंगी।
अंतरराज्यीय बस टर्मिनल चांदपुर स्थित ईरी की जमीन बनाने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। कैबिनेट से मंजूरी मिलते ही जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। साथ ही डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार किया जाएगा जिससे आने वाले खर्च का आंकलन लग सकेगा।
परशुराम पांडेय, क्षेत्रीय प्रबंधक, वाराणसी परिक्षेत्र
