विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में रियल एस्टेट को मिली रफ्तार, नवरात्र में बढ़ी फ्लैट-प्लॉट की मांग

Published: Sat, 17 Oct 2026 08:25 PM (IST)

नवरात्र में वाराणसी के रियल एस्टेट बाजार में 35-40% की तेजी देखी गई है, जहां फ्लैट और प्लॉट की मांग बढ़ी है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. नवरात्र में वाराणसी रियल एस्टेट बाजार में 35-40% उछाल।

  2. धनतेरस पर 300 करोड़, त्योहारी सीजन में 1000 करोड़ पार।

  3. महिला खरीदारों को स्टांप शुल्क में 1% की छूट।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। नवरात्र में नए घर का सपना पूरा करने के लिए बनारस में फ्लैट और प्लाट की बुकिंग बढ़ी है। कोई परिवार के साथ फ्लैट देखने पहुंच रहा है तो कोई निवेश के लिए जमीन तलाश रहा है। पिछले साल मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के बीच सुस्त रहे रियल एस्टेट बाजार में इस बार तेजी दिख रही है।

कारोबारियों के अनुसार, बिक्री में 35 से 40 प्रतिशत तक उछाल आया है। एयरपोर्ट, रामनगर और रिंग रोड के आसपास फ्लैटों की मांग बढ़ी है, जबकि गंजारी और राजातालाब क्षेत्र में प्लाट खरीदने में लोग दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इस अष्टमी और दशमी के दिन 43 लोगों ने फ्लैटों की बुकिंग के लिए एडवांस पेमेंट की है।

धनतेरस पर 300 करोड़, पूरे त्योहारी सीजन में 1000 करोड़ पार की उम्मीद

वर्ष 2024 के धनतेरस पर बनारस में रियल एस्टेट का कारोबार करीब 300 करोड़ रुपये से अधिक रहा। वर्ष 2025 में बाजार सुस्त रहा और धनतेरस पर 457 के मुकाबले 325 रजिस्ट्रियां हुई थीं। इस बार कारोबारियों को धनतेरस पर फिर 300 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। वहीं, पूरे त्योहारी सीजन में फ्लैटों और संपत्तियों की बिक्री एक हजार करोड़ रुपये के पार जाने का अनुमान है।

घर की लक्ष्मी के नाम भी खरीद रहे संपत्ति

वर्ष 2024 के धनतेरस पर हुई 457 रजिस्ट्रियों में 135 संपत्तियां महिलाओं और 322 पुरुषों के नाम रजिस्टर्ड हुई थीं। वर्ष 2025 में 325 संपत्तियों की रजिस्ट्री हुई, जिनमें करीब 70 प्रतिशत महिलाओं के नाम थीं। महिलाओं के नाम संपत्ति की रजिस्ट्री कराने पर स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट मिलती है।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में धनतेरस तक सोना लंबी उड़ान भरने को तैयार, पिछले रिकॉर्ड टूटना तय

यह भी पढ़ें- धनतेरस-दीवाली पर सोना खरीदने से पहले डाउनलोड करें BIS एप: HUID नंबर डालते ही सामने आ जाएगी आभूषण की पूरी कुंडली