धनतेरस-दीवाली पर सोना खरीदने से पहले डाउनलोड करें BIS एप: HUID नंबर डालते ही सामने आ जाएगी आभूषण की पूरी कुंडली
धनतेरस और दीवाली पर सोने-चांदी की खरीदारी करते समय धोखाधड़ी से बचने के लिए BIS ऐप का उपयोग करें। यह ...और पढ़ें

स्वर्ण व्यवसायियों के लिए BIS के अधिकृत सेंटरों से ही हॉलमार्क वाले आभूषण खरीदना और बेचना अनिवार्य है।
HighLights
BIS ऐप HUID नंबर से आभूषण की जानकारी देता है।
धोखाधड़ी से बचने के लिए हॉलमार्क वाले गहने खरीदें।
जमशेदपुर में 4 हॉलमार्किंग सेंटर और 700 दुकानें हैं।
जासं, जमशेदपुर। धनतेरस और दिवाली के त्योहारी सीजन में यदि आप सोना या चांदी के आभूषण खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो धोखाधड़ी से बचने के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का आधिकारिक ऐप जरूर डाउनलोड करें।
आभूषण पर अंकित हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन (HUID) नंबर डालते ही ग्राहक को उस गहने का पूरा विवरण अपने मोबाइल पर मिल जाएगा।
बुधवार को जमशेदपुर स्थित होटल रमाडा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भारतीय मानक ब्यूरो (जमशेदपुर शाखा) के प्रमुख सह निदेशक कुणाल कुमार ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि BIS ऐप में HUID नंबर डालते ही आभूषण का प्रकार, उसका वजन, बनने की तारीख और निर्माता की पूरी जानकारी सामने आ जाती है। इससे ग्राहक किसी भी तरह की ठगी या फर्जीवाड़े से सुरक्षित रह सकते हैं।
बिना हॉलमार्क वाले गहने बेचने वालों से रहें सावधान
निदेशक कुणाल कुमार ने बताया कि पहले कुछ दुकानदार बिना हॉलमार्क के आभूषण बेचते थे और ग्राहक के टोकने पर 10 मिनट में हॉलमार्क कराकर देने का दावा करते थे।
ऐसा दावा पूरी तरह धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है। नियमानुसार, स्वर्ण व्यवसायियों के लिए BIS के अधिकृत सेंटरों से ही हॉलमार्क वाले आभूषण खरीदना और बेचना अनिवार्य है।
यदि कोई व्यवसायी नकली या बिना हॉलमार्क का सामान बेचता है, तो ग्राहक ऐप के जरिए उसकी तत्काल ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
देशभर में हॉलमार्किंग के लगभग 1,600 सेंटर कार्यरत हैं
उन्होंने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि देशभर में हॉलमार्किंग के लगभग 1,600 सेंटर कार्यरत हैं, जिनमें से 19 झारखंड में और 4 जमशेदपुर में स्थित हैं।
इसके अलावा, पूरे झारखंड में लगभग 3,000 और जमशेदपुर में करीब 700 लाइसेंसी स्वर्ण दुकानें संचालित हो रही हैं। BIS ने ग्राहकों से केवल इन्हीं अधिकृत और लाइसेंसी दुकानों से खरीदारी करने की अपील की है।
