काशी में लाट भैरव के तिलकोत्सव में डांसर्स को घूरते दिखे पुलिसकर्मी, DCP बोले- AI से बनाया गया
वाराणसी में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान महिला कलाकारों के साथ खड़े पुलिसकर्मियों का एआई-जनित वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर ...और पढ़ें
HighLights
वाराणसी में पुलिसकर्मियों का एआई-जनित वीडियो प्रसारित हुआ।
वीडियो में पुलिसकर्मी महिला कलाकारों के साथ खड़े दिख रहे हैं।
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश जारी है।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। अवांछनीय तत्वों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में नृत्य कर रही महिला कलाकारों के पास खड़े वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस के जवानों का एआई (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) से वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो की पुलिस ने जांच की तो पता चला कि वीडियो बाबा काल भैरव के विवाहोत्सव व तिलकोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का है, जिसमें एआई के जरिए पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। लाट भैरव पुलिस चौकी के प्रभारी बलिराम यादव ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि वीडियो प्रसारित करने वाले की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। लाट भैरव चौकी प्रभारी ने आदमपुर थाना में दी गई तहरीर में बताया है कि 23 से 27 सितंबर तक बाबा लाट भैरव का तिलकोत्सव व विवाहोत्सव था।
तस्वीर- सोशल मीडिया।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में नृत्य कर रही महिला कलाकारों के साथ पुलिस बल की तस्वीर लगाकर वीडियो बनाया गया और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया। उसी कार्यक्रम के अन्य वीडियो में नृत्य कर रही महिलाओं के पास पुलिस बल दिखाई नहीं दे रहा है।
समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने भी एक्स पर इस वीडियो को पोस्ट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि मंदिर परिसर व धार्मिक आयोजनों में अश्लील गीत, नृत्य और आपत्तिजनक प्रस्तुतियां हो रही हैं।
तस्वीर- सोशल मीडिया।
मंदिर से जुड़े लोगों का कहना है कि नृत्य प्रस्तुति इस उत्सव से जुड़ी पारंपरिक प्रथा है। इसके तहत कज्जाकपुरा स्थित मुख्य मंदिर से श्रद्धालु विवाह सामग्री लेकर तिलक समारोह के लिए विश्वेश्वरगंज सब्जी मंडी जाते हैं। इसके बाद जुलूस काल भैरव मंदिर पहुंचता है, जहां पूजा और आरती के बाद लाट भैरव मंदिर में समाप्त होता है।
