वाराणसी में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का काम लगभग पूरा, दिसंबर में उद्घाटन की तैयारी
वाराणसी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का कार्य अंतिम चरण में है, जिसका उद्घाटन 2 दिसंबर को प्रस्तावित है।

गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम
HighLights
स्टेडियम का निर्माण कार्य अंतिम चरण में, उद्घाटन 2 दिसंबर को प्रस्तावित।
जय शाह और राजीव शुक्ला 18-20 नवंबर को स्टेडियम का निरीक्षण करेंगे।
उद्घाटन के बाद अंडर-19 क्रिकेट मुकाबले शुरू होने की संभावना है।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को समेटे गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। स्टेडियम का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। शेष कार्यों को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। इसके उद्घाटन के लिए दो दिसंबर की तारीख प्रस्तावित है।
हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। उद्घाटन से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला 18 से 20 नवंबर के बीच वाराणसी पहुंचकर स्टेडियम का निरीक्षण कर सकते हैं।
संभावित दौरे के दौरान वह स्टेडियम में तैयार हो रही सुविधाओं, शेष निर्माण कार्यों और मैच आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा ले सकते हैं। उनके निरीक्षण के बाद उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।

डमरू की आकृति और सड़कों का काम अंतिम चरण में
स्टेडियम में काशी की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने के लिए डमरू की आकृति को विशेष रूप दिया जा रहा है। इससे जुड़े शेष निर्माण कार्यों को पूरा कराया जा रहा है। इसके साथ ही स्टेडियम तक पहुंचने वाली सड़कों और परिसर की अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप देने पर जोर है।
उद्घाटन के अगले दिन से क्रिकेट मुकाबलों की तैयारी
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, दो दिसंबर को उद्घाटन के बाद तीन दिसंबर से स्टेडियम में अंडर-19 क्रिकेट मुकाबले शुरू हो सकते हैं। प्रतियोगिता का पहला चरण तीन से छह दिसंबर और दूसरा चरण 11 से 14 दिसंबर तक आयोजित करने की तैयारी है। हालांकि, इन मुकाबलों के कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
पूर्वांचल के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनने से वाराणसी और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और बड़े स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा। स्थानीय खेल प्रेमियों को भी अपने शहर में उच्चस्तरीय क्रिकेट मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।
इसके साथ ही होटल, परिवहन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। स्टेडियम के शुरू होने से वाराणसी की पहचान धार्मिक पर्यटन के साथ खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में भी मजबूत हो सकती है।
यह भी पढ़ें- वाराणसी में ब्यूटी कार्निवल के आयोजन में 'आधी दुनिया' के चेहरों की रंगत में निखार पर विमर्श
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।