मिलावट से नहीं बच पाई सोनपापड़ी! वाराणसी में खाद्य सुरक्षा टीम ने 13 क्विंटल मिठाई जब्त की
वाराणसी में खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन टीम ने देईपुर बड़ौरा बाजार में छापेमारी कर 1302 किलोग्राम सोनपापड़ी जब्त की।

निम्न गुणवत्ता के संदेह पर यह कार्रवाई की गई, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख चार हजार एक सौ साठ रुपये है।
HighLights
वाराणसी में खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी छापेमारी।
देईपुर बड़ौरा बाजार से 1302 किलो सोनपापड़ी जब्त।
निम्न गुणवत्ता के संदेह पर हुई यह कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। जिला खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को कई क्षेत्रों में छापेमारी की। सबसे बड़ी कार्रवाई देईपुर बड़ौरा बाजार स्थित निर्माण इकाई एमएस मनीष एंटरप्राइजेज पर हुई। टीम ने भंडारित सोनपापड़ी को निम्न गुणवत्ता का संदेह होने पर नमूना लिया। इसके बाद 1302 किलोग्राम सोनपापड़ी जब्त कर ली। इसकी अनुमानित मूल्य एक लाख चार हजार एक सौ साठ रुपये है।
सहायक आयुक्त कौशलेंद्र शर्मा द्वारा गठित प्रवर्तन दलों की टीम को टकटकपुर, भोजूबीर, देईपुर और बड़ौरा बाजार समेत विभिन्न क्षेत्रों में भेजा। 7 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान तीन पर बेसन लड्डू, खोया पेड़ा, मैदा, सोनपापड़ी और रिफाइंड पाम आयल सहित सात नमूने गुणवत्ता जांच के लिए संग्रहित किए गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदीश नारायण सिंह, कृष्ण चन्द्र, देवेश, जयहिन्द राम, रतनेश कुमार आदि शामिल थे।