देव दीपावली: काशी के चेत सिंह घाट पर होगा भव्य प्रोजेक्शन और लेजर शो, 11 लाख से अधिक जलाए जाएंगे दीये
काशी के देव दीपावली में 11 लाख से अधिक दीपों से काशी के घाटों को रोशन करने की योजना है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
देव दीपावली पर 11 लाख से अधिक दीप जलेंगे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पर विशेष ध्यान।
गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है। देश-दुनिया से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर आयोजित होगा। चारों दिन सांस्कृतिक संध्या होगी। मुख्यमंत्री ने इसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि इस बार सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने वाले रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
देव-दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि देव दीपावली का उल्लास केवल घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि समूची काशी में इसका प्रभाव दिखाई दे। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव के विशेष प्रबंध किए जाएं। उन्होंने नाविकों से संवाद कर उनका सुरक्षा और सुव्यवस्था की दृष्टि से प्रशिक्षण कराने की जरूरत पर बल दिया।
अधिकारियों ने मुख्य कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 24 नवंबर की शाम सभी घाटों पर दीप प्रज्वलित होंगे और दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद चेत सिंह घाट पर भव्य प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, दशाश्वमेध व अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो तथा काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी देते हुए बताया कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान और देव दीपावली के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। इसके लिए पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित कर जोनल व सेक्टर प्रभारियों की तैनाती की गई है।
11 खोया-पाया केंद्र बनाए गए
घाटों पर 27 वॉच टावर, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड, निजी गोताखोर और ड्रोन कैमरे तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहायता के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं तथा ई-स्कूटर पर पर्यटक पुलिस लगातार गश्त करेगी।
नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वाटर जेट्टी लगाकर टू-वे लेन बनाई गई है। नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी और सामने रेतीले ओर से अस्सी घाट से नमो घाट की ओर लौटेंगी।
नदी में डीजल चालित और गैर-जनपदीय बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी। सीमावर्ती जिलों से आने वाले भारी वाहनों के लिए सात प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं।
शहर के भीतर 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है और भीड़भाड़ वाले मुख्य मार्गों पर आटो व ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। आपातकालीन चिकित्सा सेवा के लिए निजी अस्पतालों को जोड़ते हुए ग्रीन कारिडोर की व्यवस्था रहेगी। मुख्यमंत्री ने पूरे शहर में 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि अधिकाधिक स्थानीय लोगों को सहभागी बनाया जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।