विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी में देव दीपावली आज: 21 लाख दीयों से जगमगाएंगे घाट, ड्रोन-लेजर शो होगा; जानें पूरा कार्यक्रम 

Published: Tue, 24 Nov 2026 08:08 AM (IST)

वाराणसी में देव दीपावली के अवसर पर गंगा के अर्धचंद्राकार घाट 21 लाख से अधिक दीयों से जगमगाएंगे, जिसमें 15 लाख श्रद्धालु इस दिव्य सौंदर्य को निहारने पहुंचेंगे। 

देव दीपावली की पूर्व संध्या पर सजाया गया गंगा द्वार। जागरण

देव दीपावली की पूर्व संध्या पर सजाया गया गंगा द्वार। जागरण

HighLights

  1. 21 लाख से अधिक दीयों से जगमगाएंगे गंगा घाट।

  2. 15 लाख श्रद्धालु देव दीपावली का दिव्य सौंदर्य निहारेंगे।

  3. ड्रोन शो, 3डी मैपिंग और आतिशबाजी से उत्सव होगा खास।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। गंगा की लहरों पर तैरते दीये और पूर्णमासी की चांदनी रात में काशी के गंगा घाटों की स्वर्णिम आभा का अद्वितीय सौंदर्य निहारने के लिए देश-दुनिया के लोग आतुर हैं।

मंगलवार को प्राचीन शहर अपनी उसी अलौकिक आभा के साथ देव दीपावली मनाने के लिए तैयार है। अर्धचंद्राकार घाटों की सीढ़ियों पर रंगोली, साज-सज्जा के फूलों के प्रकार चुनने में आयोजक मगन रहे। इस बार काशी की यह दिव्य शाम प्राचीनता में नवीनता के अद्भुत संगम की गवाह बनेगी।

शाम सवा पांच से शाम पौने छह बजे के बीच जब घाटों से लेकर गंगा पार के रेतीले तट तक एक साथ 21 लाख से अधिक दीये प्रज्वलित होंगे। इसमें 11 लाख दीप शासन की ओर से, जबकि 10 लाख दीये विभिन्न समितियों और काशीवासियों की ओर जलाए जाएंगे।

15 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान

इस विहंगम दृश्य को निहारने देश-दुनिया से करीब 15 लाख श्रद्धालु काशी पहुंच रहे हैं। शाम छह बजे से सात बजे तक 51 घाटों पर गंगा आरती और दशाश्वमेध घाट की महाआरती के बाद, काशी का आकाश आधुनिक तकनीक की रोशनी से जगमगा उठेगा। शाम 7:20 बजे से 7:45 बजे तक चेतसिंह किले की प्राचीर पर 25 मिनट की विशेष प्रस्तुति होगी।

82463310 (1)

देव दीपावली की पूर्व संध्या पर सजाया गया क्रूज। जागरण

घाटों पर होगा लेजर शो

इसमें 17 मिनट की 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और आठ मिनट के भव्य लेजर शो के माध्यम से संवाद और संगीत के साथ काशी, भगवान शिव और मां गंगा की अमर गाथा जीवंत की जाएगी। रात 8 से 8:10 बजे तक चेतसिंह घाट के सामने रेतीले तट के ऊपर 2,100 'मेड इन इंडिया' ड्रोन एक साथ उड़ान भरेंगे।

इस पहले ड्रोन शो में आसमान में भगवान शिव, माहेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव, काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा काल भैरव की आकृतियां उकेरी जाएंगी।

देव दीपावली की पूर्व संध्या पर सजाया गया नाव। जागरण (1)

देव दीपावली की पूर्व संध्या पर सजाया गया नाव। जागरण

उत्सव का चरम रात 8:30 से 8:40 बजे तक ललिता घाट के सामने रेती में होने वाली हरित हवाई आतिशबाजी के साथ देखने को मिलेगा। 'शिव तांडव स्तोत्रम्' और 'मेरा भोला है भंडारी' की भक्तिमय धुनों पर सतरंगी आतिशबाजी वातावरण को शिवमय बना देगी।

देव दीपावली पर आएंगे पर्यटन मंत्री

देव दीपावली को लेकर नमो घाट पर विशेष कार्यक्रम आयोजन किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वह प्रयागराज से सड़क मार्ग से दोपहर एक बजे के करीब वाराणसी पहुंचेंगे। इसके बाद देव दीपावली में भाग लेंगे।

इस कार्यक्रम में ही पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य एवं परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात भी उपस्थित रहेंगे। इसी प्रकार स्थानीय मंत्री अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल और हंसराज विश्वकर्मा आदि मौजूद रहेंगे।

82464982 (1)

आज शाम के मुख्य कार्यक्रम

  • दीप प्रज्वलन : शाम 5:15 से 5:45 बजे।
  • गंगा आरती : शाम 6:00 से 7:00 बजे।
  • 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो : शाम 7:20 से 7:45 बजे, चेत सिंह किले की प्राचीर।
  • ड्रोन शो : रात 8:00 से 8:10 बजे, चेत सिंह घाट के सामने गंगा पार।
  • हरित हवाई आतिशबाजी : रात 8:30 से 8:40 बजे, ललिता घाट के सामने गंगा पार।

यह भी पढ़ें- Dev Deepawali 2026 Wishes: काशी के घाटों सी जगमगाए आपकी जिंदगी! अपनों को भेजें देव दीपावली की प्यारी शुभकामनाएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।