काशी में देव दीपावली की भव्य तैयारी, गंगा घाटों पर जलेंगे 11 लाख दीये; 500 कर्मचारी संभालेंगे कमान
वाराणसी में देव दीपावली की भव्य तैयारी चल रही है, जहां गंगा के दोनों किनारों पर 11 लाख दीपक जलाए जाएंगे।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
11 लाख दीपक गंगा के दोनों किनारों पर जलेंगे।
दीपक नावों के जरिए 34 सेक्टरों तक पहुंचाए जाएंगे।
500 कर्मचारी देव दीपावली की व्यवस्था संभालेंगे।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। देव दीपावली पर गंगा जी के दोनों किनारों पर 11 लाख दीपक जलेंगे। स्वयं सहायता समूहों के साथ ही विभिन्न जगहों से पर्यटन विभाग दीपक का इंतजाम करने में जुटा है। 24 नवंबर की सुबह तक दोनों किनारों पर बने 34 सेक्टरों में यह दीपक पहुंचा दिए जाएंगे। दीपक को सड़क मार्ग से नहीं बल्कि नदी के रास्ते नाव के जरिए पहुंचाया जाएगा। डीपीआरओ को नोडल बनाया गया है जबकि कई अफसरों को विभिन्न सेक्टर में तैनात किया गया है।
24 नवंंबर की शाम गंगा नदी के रामनगर और काशी की तरफ के घाट दीपक की रोशनी से जगमगा उठेंगे। एक साथ जलते 11 लाख दीपक आसमान ही नहीं गंगा में भी काशी की सुंदर छटा बिखरेंगे। डीपीआरओ आलोक सिन्हा को सेक्टरों में नाव पहुंचवाने की जिम्मेदारी मिली है।
23 नवंबर से लेकर 24 नवंबर की सुबह तक सभी 11 लाख दीपक सेक्टरों तक पहुंचाना अनिवार्य है। इन दीपकों को पहुंचाने व लगवाने के लिए जिला पंचायत राज विभाग के 500 कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
यह भी पढ़ें- देव दीपावली पर वाराणसी में सुरक्षा रहेगी अभेद्य, 25 IPS समेत 4500 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे कमान
पर्यटन विभाग से ही टीमों को नाव भी मुहैया कराया जाएगा। सेक्टर एक शक्ति घाट व अघोरेश्वर घाट पर डूडा पीडी व एनआरएलएम उप निदेशक, सेक्टर दो व तीन दंडी आश्रम घाट से हनुमान घाट तक डीपीओ, सेक्टर डोमरी घाट पर जिला युवा कल्याण अधिकारी, सेक्टर पांच से सात तक सतुआ बाबा आश्रम घाट में जिला विद्यालय निरीक्षक, सेक्टर आठ से 14 तक कटेसर घाट, कोदोपुर घाट, बलुआ घाट में बीएसए को दीपक प्राप्त कर इसे तय स्थानों पर अपने अपने सेक्टर में लगवाना होगा। इसी तरह 20 अन्य सेक्टर की भी व्यवस्था बनाई गई है।
11 लाख दीपक समय से पहुंचाने की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। सेक्टरों में नोडल के साथ ही खंड विकास अधिकारियों को सहयोग में लगाया गया है। देव दीपावली तैयारी की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है।- प्रखर कुमार सिंह, सीडीओ