विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी की दालमंडी में आखिरी 6 मकान भी जमींदोज, काशी विश्वनाथ मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण का रास्ता साफ

Published: Tue, 06 Oct 2026 11:49 AM (IST)

दालमंडी, वाराणसी में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण के लिए आखिरी छह मकान भी सोमवार को ढहा दिए गए।

दालमंडी में आखिरी 6 मकान भी जमींदोज।

दालमंडी में आखिरी 6 मकान भी जमींदोज।

HighLights

  1. दालमंडी में अंतिम छह मकानों का ध्वस्तीकरण पूरा हुआ।

  2. श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर गेट नंबर चार तक मार्ग चौड़ा होगा।

  3. 212.59 करोड़ रुपये से सड़क सुंदरीकरण और विकास कार्य होंगे।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार तक जाना अब और आसान हो जाएगा। चौक थाना क्षेत्र के दालमंडी में आखिरी बचे छह मकान भी सोमवार को जमींदोज हो गए। भारी पुलिस बल के साथ बिना विरोध लोक निर्माण विभाग व प्रशासन के नेतृत्व में अतिक्रमण हट गया।

इस मार्ग पर 181 मकान व कई धार्मिक स्थल चिह्नित थे, जिन्हें अब हटा दिया गया है। कुछ निर्माण लोगों ने स्वयं हटाए भी थे। सभी गतिरोध दूर हो चुके हैं। अब 212.59 करोड़ रुपये से सड़क चौड़ीकरण, सुंदरीकरण, सीवरेज, फुटपाथ, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य कार्य होंगे।

सोमवार की दोपहर टीमें मुसाफिर खाने के पास पहुंची। यहां लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, वीडीए की टीम के साथ पुलिस व प्रशासनिक अफसर भी पहुंचे। दालमंडी क्षेत्र में 200 से ज्यादा पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे। छतों पर मजदूरों को भी लगाया जबकि कुछ भवन बुलडोजर (जेसीबी) से ध्वस्त किए गए।

रविवार को लोनिवि की टीम ने मुनादी कराकर लोगों को मकान खाली करने के लिए सचेत भी किया था। लोनिवि के प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता अनुराग तिवारी ने बताया कि छह मकान ध्वस्त किए गए। अब सारी बाधा दूर हो चुकी है। जल्द ही चौड़ीकरण सहित अन्य कार्य शुरू कराए जाएंगे।

चौड़ीकरण योजना की खास बातें

  • फुटपाथ के नीचे डक्ट बनेगा। इसमें नाली, बिजली, सीवर, जल की पाइप लाइन, अंडर ग्राउंड केबल होगा।
  • मार्च 2026 में शुरू हुआ था 181 भवन और छह मस्जिद का ध्वस्तीकरण, कई निर्माण स्वयं लोगों ने गिराए।
  • करीमुल्ला बेग, निसारन, अली रजा खान, संगेमरमर, रंगीले शाह मस्जिद शामिल, लंगड़ा हाफिज मस्जिद व 24 दुकानें भी टूटीं।
  • कार्रवाई की जद में आए संपत्ति धारकों को मुआवजा के तौर पर दिए गए 110 करोड़ रुपये दिए गए।

यह भी पढ़ें- वाराणसी दालमंडी में अंत‍िम दौर का ध्‍वस्‍तीकरण जारी, सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा