वाराणसी में छठ पूजा और देव दीपावली को लेकर कड़ी सुरक्षा, 23 प्रमुख घाटों पर वाटर बैरिकेडिंग
वाराणसी में छठ पूजा, कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के मद्देनजर घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

एनडीआरएफ, जल पुलिस और अन्य बलों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग के निर्देश
HighLights
छठ पूजा, कार्तिक पूर्णिमा, देव दीपावली के लिए सुरक्षा समीक्षा।
एनडीआरएफ की पांच टीमें, 30 बोट गंगा में तैनात।
घाटों पर बैरिकेडिंग, ड्रोन से निगरानी, महिला पुलिस।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। छठ पूजा, कार्तिक पूर्णिमा स्नान और देव दीपावली के मद्देनजर अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर ने गुरुवार को चौकिया घाट स्थित जल पुलिस चौकी पर बैठक कर घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने को कहा। बताया कि भीड़ वाले घाटों पर एंटी रोमियो टीम, वर्दी और सादे कपड़ों में महिला पुलिस, एलआइयू, ड्रोन और सीसीटीवी कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी।
वैभव बांगर ने बताया कि 23 प्रमुख स्नान घाटों पर वाटर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि सभी घाटों पर नगर निगम की ओर से बांस-बल्ली की बैरिकेडिंग कराई जा रही है, जो 80 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। 15 नवंबर तक कार्य पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की पांच टीमें लगभग 30 बोटों के साथ, जल पुलिस की चार बोट और एक कंपनी फ्लड पीएसी की नौ बोटें तैनात रहेंगी।
सभी तटीय थाने-चौकियों के जवान घाट क्षेत्र में तैनात होकर श्रद्धालुओं से गहरे पानी में न जाने की अपील और अनाउंसमेंट करेंगे। जल पुलिस के लिए 100 प्रतिशत लाइफ जैकेट, नाबालिगों द्वारा नाव न चलाने और नदी में लेन सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।