'कांच ही बांस के बहंगिया...': गूंजते लोकगीत और सूप-दउरा से पटे बाजार, 'नहाय-खाय' से शुरू होगा लोकआस्था का महापर्व छठ
जमशेदपुर में लोकआस्था का महापर्व छठ 'नहाय-खाय' के साथ शुरू हो रहा है, जहां लोकगीतों और पारंपरिक उत्साह से पूरा शहर सराबोर है।

लोकआस्था का महापर्व छठ के लिए घाट की सफाई करतीं महिलाएं।
HighLights
'नहाय-खाय' से लोकआस्था का महापर्व छठ शुरू।
जमशेदपुर में लोकगीतों और पारंपरिक उत्साह का माहौल।
बाजारों में सूप-दउरा और पूजन सामग्री की रौनक।
जासं, जमशेदपुर। 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...' लोकगीतों की यही मधुर तान और पारंपरिक आस्था की सोंधी खुशबू इन दिनों पूरी इस्पातनगरी के कण-कण में घुल चुकी है।
गुनगुनी धूप के बीच घरों की छतों और आंगनों में लाल चादर पर सूखते सुनहरे गेहूं के दाने और उनकी पहरेदारी करते स्वजन इस बात की गवाही दे रहे हैं कि लोकआस्था का महापर्व छठ अब अपने पूरे शबाब पर है।
शुक्रवार को 'नहाय-खाय' के साथ चार दिनों तक चलने वाले इस कठोर और पावन अनुष्ठान का औपचारिक श्रीगणेश हो रहा है।
छतों पर पहरेदारी और अनुशासन की परंपरा

गोविंदपुर, टेल्को, बिरसानगर, सिदगोड़ा, बारीडीह, कदमा, जुगसलाई, बागबेड़ा, मानगो, परसुडीह और राहरगोड़ा समेत शहर के हर कोने में गुरुवार को अनोखा उत्साह देखा गया।
छतों पर गेहूं धोने और सुखाने का दौर चला, तो नए मिट्टी के चूल्हों को लीपकर आम की सूखी लकड़ियों का प्रबंध किया गया।
गोविंदपुर स्थित दयाल सिटी की व्रती रीना सिंह बताती हैं कि छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मा की शुद्धि और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।
यहां तीन पीढ़ियां एक साथ मिलकर महाप्रसाद की तैयारियों में जुटी हैं, क्योंकि इस महापर्व में नियम, संयम और स्वच्छता ही सबसे बड़ा विधान है।
सूप-दउरा और ईख से सजे बाजार, उत्साह के आगे मंदी बेअसर

शनिवार की भारी भीड़ से बचने के लिए श्रद्धालुओं ने गुरुवार से ही बाजारों का रुख करना शुरू कर दिया। साकची, मानगो, बिष्टुपुर, जुगसलाई और गोविंदपुर के बाजार बांस के सूप और दउरा से पूरी तरह पट चुके हैं।
लाल-पीली साड़ियों में सजी व्रती महिलाएं सिर पर नक्काशीदार दउरा उठाए आस्था के उल्लास के साथ घर लौटती नजर आईं।
सड़कों के किनारे गन्ने (ईख) की हरी-बारी लंबी कतारें, जालीदार बोरियों में सजे गागल (टाब नीबू), अनानास, मौसमी, पानीफल और सुथनी के ढेर ग्रामीण संस्कृति और शहरी आस्था के अद्भुत संगम को दर्शा रहे हैं।
हालांकि, महंगाई भी चरम पर है। नहाय-खाय के लिए अनिवार्य लौकी 40 से 60 रुपये प्रति किलो तक बिकी।
इसके बावजूद साकची बाजार में खरीदारी कर रहे अमित वर्मा कहते हैं, छठी मईया की सेवा में कभी बजट नहीं देखा जाता, साल भर की कमाई का सबसे बड़ा संतोष इसी पूजा में मिलता है। दुकानदारों के चेहरे पर भी ग्राहकों की भीड़ से रौनक छाई हुई है।
चार दिवसीय महापर्व का शेड्यूल
- शुक्रवार (नहाय-खाय): महापर्व का पहला दिन। व्रती महिलाएं पवित्र स्नान के बाद अरवा चावल, चने की दाल और घी में बनी लौकी की सात्विक सब्जी का प्रसाद ग्रहण करेंगी।
- शनिवार (खरना): दिनभर उपवास के बाद शाम को खरना का अनुष्ठान होगा। इस दौरान गुड़ की खीर (रसियाव) और रोटी का प्रसाद बनेगा, जिसके बाद 36 घंटे का कठिन और निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।
- रविवार (पहला अर्घ्य): अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।
- सोमवार (उषा अर्घ्य व पारण): अलसुबहो उदीयमान (उगते) सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ व्रत का समापन (पारण) होगा।