विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सात समंदर पार से खींच लाई छठी मइया की आस्था, काशी में फ्रांस-पोलैंड की महिलाओं ने दिया अर्घ्य; निभाई रस्में

Published: Mon, 16 Nov 2026 06:45 AM (IST)

वाराणसी में छठ महापर्व पर फ्रांस, पोलैंड, ब्रिटेन और हॉलैंड से आए विदेशी मेहमानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने पारंपरिक ...और पढ़ें

असि घाट पर छठ पूजन में शामिल पोलैंड की जोएना को सिंदूर लगाती महिला और राजा घाट पर छठ पूजा करने फ्रांस से आई लिया

असि घाट पर छठ पूजन में शामिल पोलैंड की जोएना को सिंदूर लगाती महिला और राजा घाट पर छठ पूजा करने फ्रांस से आई लिया

HighLights

  1. फ्रांस, पोलैंड, ब्रिटेन, हॉलैंड के विदेशियों ने छठ में भाग लिया।

  2. लिया (फ्रांस) ने साड़ी पहनकर श्रद्धा से भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।

  3. जोयना (पोलैंड) ने छठ परंपराओं को समझा, अर्घ्य दिया और सिंदूर लगवाया।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। सूर्योपासना के महापर्व छठ की छटा सात समंदर पार बैठे विदेशी मेहमानों को भी अपनी ओर खींच रही है। फ्रांस, पोलैंड, ब्रिटेन, हॉलैंड से आए विदेशियों ने भी बड़े उत्साह और उल्लास से पूजन में हिस्सा लिया।

राजा घाट पर छठ पूजा पर अद्भुत दृश्य विद्यमान हुआ जब फ्रांस से आईं लिया पूरी श्रद्धा के साथ व्रती महिलाओं के बीच जा बैठीं। पारंपरिक साड़ी में सजी-धजी लिया ने पूरे भक्तिभाव से पूजन, अनुष्ठान में शामिल होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। छठ पूजन में शामिल होकर लिया ने खुद को सौभाग्यशाली माना।

घाट पर व्रती महिलाओं के साथ बैठकर छठी मइया के पारंपरिक लोकगीत सुनते हुए वह भावुक हो उठीं। लिया ने बताया कि जब महिलाएं एक स्वर में गीत गाती हैं तो उनकी भावनाएं और सकारात्मक ऊर्जा सीधे हृदय को स्पर्श करती हैं। कठिन निर्जला व्रत और महिलाओं का अटूट समर्पण अद्भुत है। वो पूजन कर काफी प्रसन्न रही।

वहीं, असि घाट पर पोलैंड से आयी जोयना ने व्रती महिलाओं से छठ पूजन की परंपरा और इसके विधि-विधान की जानकारी ली। उन्होंने अर्घ्य दिया और सिंदूर भी लगवाया। उन्होंने कहा कि छठ पूजन का विधि-विधान काफी आकर्षित करने वाला है। आधुनिक युग में प्राचीन परंपरा का निर्वहन दिल को छूने वाला है।

हॉलैंड व ब्रिटेन के पर्यटकों ने भी लिया आनंद

वरुणा नदी के शास्त्री घाट पर आस्थावानों के बीच पहुंचे हॉलैंड और ब्रिटेन के पर्यटकों ने भी छठ पर्व का आनंद लिया। उत्साह से लबरेज पर्यटकों ने व्रती महिलाओं के साथ फोटो खिंचाई और परंपराओं को करीब से जाना-समझा। पर्यटकों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और घाट पर दीपदान भी किया। पर्यटकों का उल्लास देकर कई व्रतियों ने भी उनके साथ जमकर फोटो खिंचाई।

यह भी पढ़ें- एतिहासिक तिगरी मेला में वाराणसी की तर्ज पर होगी गंगा आरती, लोगों के रुकने के लिए बसेगी टेंट सिटी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।