वाराणसी में एयर शो के दौरान खुली रहेगी मंडी, वाहनों के एंट्री पर रोक के आदेश में बदलाव
भारतीय वायु सेना दिवस के उपलक्ष्य में नमो घाट पर प्रस्तावित एयरशो के कारण पहड़िया मंडी में वाहनों के प्रवेश पर रोक के आदेश में बदलाव किया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
एयर शो के कारण मंडी बंद करने का आदेश बदला।
पहड़िया मंडी 21 से 25 अक्टूबर तक खुली रहेगी।
फल-सब्जी कारोबारियों को वाहन प्रवेश की अनुमति मिली।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भारतीय वायु सेना दिवस के उपलक्ष्य में नमो घाट पर प्रस्तावित एयरशो को लेकर पहड़िया मंडी के अस्थायी अधिग्रहण और वाहनों के प्रवेश पर रोक के आदेश में बदलाव किया गया है।
अब पहड़िया स्थित लाल बहादुर शास्त्री मंडी स्थल 21 से 25 अक्टूबर तक पूर्व की भांति खुली रहेगी। मंडी सचिव महेंद्र कुमार गुप्ता ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए व्यापारियों को इसका अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है।
मंडी समिति के कार्यालय पत्रांक 2455, दिनांक 12 अक्टूबर 2026 के माध्यम से व्यापारियों को अवगत कराया गया था कि अपर पुलिस आयुक्त यातायात के पत्र के अनुसार 22 से 25 अक्टूबर तक नमो घाट पर भारतीय वायु सेना दिवस के अवसर पर भव्य एयरशो आयोजित होना है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के आगमन का भी प्रस्तावित कार्यक्रम है। इसके मद्देनजर पहड़िया मंडी के अस्थायी अधिग्रहण की जानकारी देते हुए 21 से 25 अक्टूबर तक मंडी परिसर में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रखने का आदेश दिया गया था।
हालांकि, अब मंडी सचिव की ओर से जारी नए निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि में मंडी पूर्व की तरह खुली रहेगी। इससे फल और सब्जी कारोबार से जुड़े व्यापारियों को राहत मिली है।
मंडी में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में फल और सब्जियों की आवक होती है और यहां से वाराणसी सहित आसपास के कई जिलों में आपूर्ति की जाती है। ऐसे में मंडी बंद होने या वाहनों के आवागमन पर रोक लगने से कारोबार और आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका थी।
सब्जी फल व्यवसायी आढ़ती जन कल्याण समिति, पहड़िया मंडी तथा वाराणसी प्रगतिशील फल सब्जी व्यवसाय समिति से जुड़े व्यापारियों ने इस निर्णय का स्वागत किया है। व्यापारी नेताओं धनंजय मौर्या, भोलानाथ सोनकर, रवि कुमार सिंह, विनोद कुमार सोनकर और हाजी इमरान, ताज मोहम्मद ने मंडी को पूर्व की भांति खुला रखने के फैसले पर प्रसन्नता जताई है।
