वाराणसी एयर शो के दौरान शहर में सिर्फ UP 65 नंबर की गाड़ियों को ही मिलेगी एंट्री, पुलिस ने तैयार किया ट्रैफिक प्लान
काशी एयर शो के चलते वाराणसी में 21 से 25 अक्टूबर तक यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। शहर में केवल UP-65 नंबर वाले वाहनों को प्रवेश मिलेगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
काशी एयर शो के कारण यातायात प्रतिबंध लागू।
21 से 25 अक्टूबर तक सिर्फ UP-65 वाहनों को प्रवेश।
शहर सीमा के बाहर वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। गंगा किनारे प्रस्तावित एयर शो के चलते शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने छोटे-बड़े सभी वाहनों को चार दिन तक शहरी सीमा से बाहर रखने का निर्णय लिया है।
शहर में सिर्फ यूपी-65 नंबर के वाहनों की एंट्री मिलेगी। जिले में तीन स्तर पर वाहनों को रोकने की व्यवस्था बनाई गई है। 21 अक्टूबर की रात 12 से 25 अक्टूबर की रात तक 12 बजे तक आदेश प्रभावी रहेगा। शहर के अलावा हाइवे और रिंग रोड पर ट्रैफिक पुलिस ने 66 स्थानों को चिह्नित कर पार्किंग बनाएगा।
अन्य स्थानों पर पार्किंग बनाने के लिए जमीन की तलाश की जा रही है जिससे अधिक से अधिक वाहन पार्किंग में पार्क हो सके। पार्किंग की संख्या 80 पहुंच सकती है।
एयर शो के दौरान काशी में भारी भीड़ आने की संभावना
22, 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो में भारी भीड़ आनी है। यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी। गंगा के दोनों किनारों पर दर्शकों की भीड़ जुटने को लेकर वाहनों के आने और उन्हें पार्किंग में पार्क कराने को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने खाका खींच लिया है।
हाईवे व रिंग रोड पर ट्रक, ट्रेलर, मालवाहक, छोटी-बड़ी बसों को रोक दिया जाएगा। यूपी-65 के चार पहिया वाहनों को हाईवे व रिंग रोड से शहर के अंदर आने वाले मार्गों पर रोका जाएगा जिन्हें अधिक जरूरत या शहर के अंदर रहने वाले होंगे उन्हें ही आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र ने बताया कि 21 अक्टूबर से शहर के अंदर सिर्फ यूपी-65 के वाहन आएंगे।
