वाराणसी में एयर शो के लिए रिहर्सल आज, गंगा के ऊपर गरजेंगे सेना के हेलीकॉप्टर
वाराणसी में आगामी एयर शो के लिए तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें 19 और 21 अक्टूबर को रिहर्सल निर्धारित है।
-1792382536243_m.webp)
HighLights
नमो घाट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल स्थापित किया गया।
22 अक्टूबर को बच्चों, 25 को पीएम मोदी आएंगे।
भीड़ प्रबंधन हेतु रेलवे व पार्किंग के विशेष इंतजाम।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। एयर शो के लिए तैयारियां तेजी से चल रहीं हैं। 19 अक्टूबर को पहला रिहर्सल होना है और उसके बाद 21 को दोबारा रिहर्सल होगा। इस बीच नमो घाट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) की स्थापना कर दी गई हैं। इसी से एयर शो में प्रतिभाग करने वाले एयर क्राफ्ट और हेलीकॉप्टर को कंट्रोल सिग्नल दिया जाएगा। इसी सिग्नल की जांच करने के लिए सेना के दो हेलीकॉप्टर रविवार को गंगा के ऊपर आसमान में उड़ान भरे।
हेलीकॉप्टर गर्जना से घाट और आसपास के लोगों की उत्सुकता बढ़ गई। गंगा किनारे के लोग छतों और घाटों की तरफ भागे। अधिकारियों ने बताया कि सब कुछ ठीक रहा। इस बीच सेना के उच्चाधिकारी बाबतपुर एयरपोर्ट से एक दर्जन नीली स्कॉर्पियो से नमो घाट पहुंचे। यह भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
उन्होंने तैयारियों का निरीक्षण किया और अपने जवानों और तकनीकी टीम को आवश्यक निर्देश दिया। एयर शो में आने वाली भीड़ तो बारी-बारी से आएगी लेकिन लौटेगी एक साथ। इसे देखते हुए रेलवे ने पंडित दीनदयाल रेलवे स्टेशन और वाराणसी कैंट स्टेशन पर 10 गाड़ियों को तैयार रखा जाएगा।
जरूरत होगी तो गाड़ियों को रवाना किया जाएगा। साथ ही रेलवे स्टेशनों और बस स्टेशन पर होल्डिंग एरिया को चाक चौबंद किया जा रहा है। भीड़ को नियंत्रण के लिए गंगा किनारे के घाटों को 21 और गंगापार रेती को 10 सेक्टर में बांटा गया है।
सभी में सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जा रही है। 51 पार्किंग एरिया बनाया गया है। इसके लिए आसपास के मैरेज लान को अधिग्रहित किया गया है। पीने के पानी के लिए आसपास के जिलों से दो दर्जन टैंकर मंगाए गए हैं।
22 को बच्चों को किया जाएगा आमंत्रित
सेना का उद्देश्य है कि एयर शो के माध्यम से युवा पीढ़ी और बच्चों को सेना के शौर्य से प्रेरित किया जाय। इसी कारण पहले दिन 22 अक्टूबर को स्कूली बच्चों को आमंत्रित जाएगा। दूसरे दिन 24 को आम लोग रहेंगे। 25 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य वीवीआईपी को नमो घाट पर रहना है।
