विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी एयर शो: नमो घाट पर पांच दिन प्रवेश बंद, अस्सी घाट तक गंगा किनारे की जाएगी बैरिकेडिंग

Published: Tue, 13 Oct 2026 07:30 AM (IST)

काशी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो के लिए नमो घाट पर सुरक्षा और आवाजाही प्रतिबंधों की अंतिम तैयारी तेज हो गई है।

नमो घाट पर एयर शो के लिए सेना की ओर से चल रही तैयारी।

नमो घाट पर एयर शो के लिए सेना की ओर से चल रही तैयारी।

HighLights

  1. नमो घाट पर 21 से 25 अक्टूबर तक आवाजाही बंद रहेगी।

  2. एयर शो के दौरान गंगा स्नान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

  3. अस्सी से नमो घाट तक गंगा किनारे बैरिकेडिंग की जा रही है।

जागरण टीम, वाराणसी। काशी में आगामी 22, 24 व 25 अक्टूबर को गंगा में प्रस्तावित एयर शो को लेकर प्रशासन की अब अंतिम तैयारी तेज हो गई है। जहां सेना के तकनीकी अधिकारियों ने नमो घाट पर कमान संभाल ली है। तय हुआ है कि एयर शो के दौरान 21 से 25 अक्टूबर तक नमो घाट पर आवाजाही बंद रहेगी।

गंगा पार रामनगर से लेकर डोमरी, सूजाबाद व बहादुरपुर तक गंगा किनारे छह किलोमीटर तक तीन लेयर की बैरिकेडिंग का काम पूरा कर लिया गया है। भीड़ को देखते हुए 40 पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। हर 150 मीटर पर बनाए गए इस केंद्र से लोग खोया-पाया जैसे विषयों के साथ ही कोई भी सूचना दे सकते हैं। यहां पुलिस व अन्य विभागों के कर्मचारी समस्याओं का समाधान करेंगे।

लोक निर्माण विभाग अब गंगा किनारे अस्सी से लेकर नमो घाट तक बैरिकेडिंग करने जा रहा है। पानी तक पहुंचने से रोकने के लिए तीन लेयर की बैरिकेडिंग में पुलिस व पीएसी के जवानों के साथ ही एनडीआरएफ व जल पुलिस की टीम मौजूद रहेगी। एयर शो के दौरान गंगा स्नान प्रतिबंधित रहेगा। कार्यक्रम को लेकर नमो घाट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।

12 अस्थाई अस्पताल से होगी सहायता

गंगा किनारे 12 अस्थायी अस्पताल बनाए गए हैं जहां चिकित्सकों के साथ ही दवाएं मौजूद रहेंगी। विशेष परिस्थितियों में एंबुलेंस से मरीजों को रामनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा जाएगा। जहां आठ बेड इमरजेंसी वार्ड में रिजर्व रहेंगे।

मल्टी मॉडल टर्मिनल हुआ रिजर्व, उतर सकते हैं सेना के हेलीकॉप्टर

सेना के हेलीकॉप्टर के लिए रामनगर स्थित मल्टी मॉडल टर्मिनल के प्लेटफार्म को भी रिजर्व किया गया है। परिस्थितियों के अनुसार यहां जहाजों को उतारा जा सकता है। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि रामनगर से पड़ाव की ओर तीन मुख्य मार्ग टेंट सिटी रोड, डोमरी सतुआ बाबा आश्रम मार्ग व सूजाबाद पुलिस चौकी के सामने के मार्ग से पैदल आने जाने की व्यवस्था बनायी जाएगी।

तीन नए रास्ते जाएंगे नमो घाट तक

एयर शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत विशिष्ट अतिथियों के आने को देखते हुए नमो घाट पर आवागमन और सुरक्षा की व्यवस्था की जा रही है। एयर फोर्स व पुलिस प्रशासन के अधिकारी सोमवार को नमो घाट पहुंचे और निरीक्षण किया। नमो घाट पर पहुंचने के लिए तीन पक्के रास्ते बनाए जा रहे हैं। इसमें पहला रास्ता बसंत महिला महाविद्यालय के अंदर से नीचे हेलीपैड की तरफ बनाया जा रहा है।

दूसरा रास्ता लाल खां रौजा की बाउंड्री से सटे हुए नमो घाट के फेस थ्री की शुरुआत में शाही नाले के पहले से हेलीपैड की तरफ जाने के लिए बनाया बनाया जा रहा है।

तीसरा रास्ता आदिकेशव घाट से होते हुए नमो घाट आएगा। एयर फोर्स और प्रशासन के अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं। नमो घाट को एयर फोर्स अपने कब्जे में लेकर कार्य कर रही है। घाट पर सेना के तकनीकी अधिकारी व जवान, बीएसएनएल कम्यूनिकेशन के संयंत्र, अस्थाई एयर ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट स्थापित करने में जुट गए हैं।

यह भी पढ़ें- वाराणसी में एयर शो की तैयारियों को लेकर बढ़ी हलचल, गाजीपुर में उतरा हेलीकाप्‍टर, परखी तैयार‍ियां

यह भी पढ़ें- वाराणसी में एयर शो के लिए सीधे नमो घाट पहुंचेंगे PM मोदी, लगभग 4000 VIP भी होंगे शामिल