वाराणसी में एयर शो की तैयारियों को लेकर बढ़ी हलचल, गाजीपुर में उतरा हेलीकाप्टर, परखी तैयारियां
वाराणसी में वायुसेना के स्थापना दिवस पर प्रस्तावित एयर शो की तैयारियां गाजीपुर की अंधऊ हवाई पट्टी पर तेज हो ...और पढ़ें

सेना का हेलीकॉप्टर ट्रायल के लिए हवाई पट्टी पर उतरा।
HighLights
सेना का हेलीकॉप्टर ट्रायल के लिए हवाई पट्टी पर उतरा
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। वाराणसी में वायुसेना के स्थापना दिवस पर प्रस्तावित एयर शो को लेकर अंधऊ हवाई पट्टी पर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को एक बार फिर सेना का हेलीकॉप्टर ट्रायल के लिए हवाई पट्टी पर उतरा। दोपहर करीब 12 बजे हेलीकॉप्टर के उतरने के साथ ही परिसर में गतिविधियां तेज हो गईं।
वहीं, एयर शो की तैयारियों के तहत हवाई पट्टी की साफ-सफाई का काम भी युद्धस्तर पर जारी रहा। वाराणसी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को वायुसेना के स्थापना दिवस के अवसर पर एयर शो प्रस्तावित है। इसे देखते हुए अंधऊ हवाई पट्टी को तैयार किया जा रहा है। इससे पहले भी यहां सेना का हेलीकॉप्टर ट्रायल के लिए उतर चुका है। लगातार हो रही गतिविधियों से हवाई पट्टी पर तैयारियों में तेजी देखी जा रही है।
हवाई पट्टी परिसर में साफ-सफाई का काम तेजी से कराया जा रहा है। परिसर में उगी झाड़ियों और अन्य अव्यवस्थाओं को दूर करने पर जोर दिया जा रहा है। पिछले दिनों हवाई पट्टी की टूटी चहारदीवारी और परिसर की मरम्मत का काम भी कराया गया था। एयर शो की तैयारियों को देखते हुए संबंधित विभागों की सक्रियता बढ़ गई है।
आवाजाही पर रोक, पुलिस जुटा चुकी है ग्रामीणों का ब्योरा
हवाई पट्टी की सुरक्षा को लेकर पहले ही सतर्कता बढ़ा दी गई है। परिसर में आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। यहां सुबह-शाम टहलने और सेना में भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगाने वाले युवाओं को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। वहीं, पुलिस आसपास के बिराइच, अंधऊ, चकहुसाम और इनरवा सहित कई गांवों में पहुंचकर दुकानदारों और ग्रामीणों के नाम, पते व मोबाइल नंबर दर्ज कर चुकी है।
