विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सात समंदर पार से खींच लाई मिट्टी की खुशबू, अमेरिका की चकाचौंध छोड़ छठ मनाने वाराणसी लौटा परिवार

Published: Sun, 15 Nov 2026 06:30 AM (IST)

अमेरिका से विशाल श्रीवास्तव का परिवार छठ पूजा के लिए वाराणसी लौटा है, जहां तीन पीढ़ियां एक साथ महापर्व मना रही हैं।

छठ पूजा के लिए प्रसाद की थाली के साथ आयुषी श्रीवास्तव, अपराजिता श्रीवास्तव, पीयूष पायल

छठ पूजा के लिए प्रसाद की थाली के साथ आयुषी श्रीवास्तव, अपराजिता श्रीवास्तव, पीयूष पायल

HighLights

  1. अमेरिका से विशाल श्रीवास्तव का परिवार छठ पूजा हेतु वाराणसी लौटा।

  2. तीन पीढ़ियां एक साथ महापर्व छठ की रस्में निभा रही हैं।

  3. छठ पूजा में आस्था, समर्पण से सामाजिक भेद मिट जाते हैं।

सौरभ अग्रवाल, वाराणसी। जब कांच की ऊंची इमारतों और बर्फीली हवाओं के बीच भी मिट्टी के चूल्हे की सोंधी महक याद आने लगे और घड़ी की सुइयों से भागती जिंदगी में ठेकवे की मिठास घुलने को बेताब हो उठे तो समझ लीजिए कि छठी मइया का बुलावा आ गया है।

सात समंदर पार की दूरियां और व्यस्ततम जीवन की बंदिशें उस आस्था के आगे पल भर में पिघल जाती हैं जो हमें हमारी जड़ों से जोड़ती है। कुछ ऐसी ही भावुक कर देने वाली तस्वीर इन दिनों श्रीवास्तव परिवार के आंगन में जीवंत हो उठी है। लोक आस्था के महापर्व छठ की पावन बेला पर देश-विदेश के विभिन्न कोनों में अपनी प्रतिभा का परचम लहराने वाला यह पूरा परिवार नटिनियादाई में एक ही छत के नीचे एकत्रित है।

रिटायर्ट जज समयनाथ श्रीवास्तव के मझले बेटे विशाल श्रीवास्तव अमेरिका के सिएटल शहर की चकाचौंध और व्यस्त दिनचर्या को पीछे छोड़कर अपनी पत्नी और नन्ही परी कायरा के साथ छठ पूजा के लिए घर लौटे हैं। विशाल सिएटल में एनवीडिया में कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी आयुषी माइक्रोसाफ्ट में है।

82169185

कॉर्पोरेट जगत की व्यस्तताओं से समय निकालना आसान नहीं था, लेकिन अपनी माटी की खुशबू और छठी मइया के प्रति अटूट समर्पण उन्हें अपने आंगन में खींच लाता है। महापर्व के लिए तीन पीढ़ियों जुटी है। घर की बड़ी बहू अपराजिता जो अधिवक्ता हैं, वो इस पूजन, व्रत की अगुवाई कर रही है। उनके पति बृजेश कुमार श्रीवास्तव इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता है।

वहीं, छोटे बेटे ऋषभ श्रीवास्तव और बहू पीयूष पायल बिहार के सहरसा जिले में न्यायाधीश के पद पर सेवाएं दे रहे हैं, वो भी विधि- विधान से पूजन, व्रत कर इस उत्सव की रौनक बढ़ा रहे हैं। घर के आंगन में छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज के बीच कोई गेहूं सुखाने में हाथ बंटा रहा है, तो कोई पूरी पवित्रता के साथ खरना का प्रसाद तैयार कर रहा है। घर की तीसरी पीढ़ी शौर्य, इशानी, अदविक, शिवाय, सनाया भी उत्साह से रस्मों को निहार रहे है।

मिटा आम और खास का भेद, सभी भक्ति भाव से कर रहे पूजन

लोक आस्था के महापर्व छठ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें आम और खास का हर भेद मिट जाता है। छठी मइया की चौखट पर सामान्य श्रद्धालु हो या अधिकारी, सभी एक समान भक्ति भाव और समर्पण के साथ नतमस्तक नजर आते हैं।

ऐसी ही कुछ उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी के आवास पर भी देखने को मिल रही है, जहां वो अपनी मां और भाभी के साथ पूरी शुद्धता और विधि-विधान से छठ पूजा का अनुष्ठान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि महज 10 वर्ष की आयु से ही अपनी मां के साथ विधि-विधान से व्रत व पूजन में सहभागी बनते आ रहे हैं।

छठी मइया ने उन्हें जीवन के हर मोड़ पर संबल दिया है और माता की कृपा से सभी मनोकामनाएं पूर्ण हुई हैं। घर में पूरे पारंपरिक नियमों, स्वच्छता और पवित्रता के साथ पूजन, व्रत किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- सोनभद्र में शरारती बच्चों की हरकत से सात वर्षीय मासूम की उंगली कटी, अचेत अवस्था में वाराणसी रेफर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।