सोनभद्र में शरारती बच्चों की हरकत से सात वर्षीय मासूम की उंगली कटी, अचेत अवस्था में वाराणसी रेफर
सोनभद्र के सनबीन बिच्छी विद्यालय में शरारती बच्चों द्वारा दरवाजा बंद करने से सात वर्षीय अथर्व देव पाण्डेय की उंगली ...और पढ़ें

सोनभद्र स्कूल में मासूम की उंगली कटी बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल।
HighLights
सोनभद्र के स्कूल में सात वर्षीय बच्चे की उंगली कटी।
शरारती बच्चों द्वारा दरवाजा बंद करने से हुआ यह हादसा।
घटना के बाद बच्चा अचेत, वाराणसी रेफर, सुरक्षा पर सवाल।
जागरण संवाददाता (गुरमा) सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी ओबरी निवासी सात वर्षीय मासूम अथर्व देव पाण्डेय के साथ शनिवार को विद्यालय परिसर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुछ शरारती बच्चों द्वारा दरवाजा बंद किए जाने के दौरान मासूम की एक उंगली कटकर गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना के बाद बच्चा अचेत हो गया। इस घटना ने विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अथर्व देव पाण्डेय राबर्ट्सगंज स्थित सनबीन बिच्छी विद्यालय का छात्र है। शनिवार को विद्यालय में कुछ बच्चों की कथित शरारत के दौरान दरवाजा बंद होने से उसकी उंगली गंभीर रूप से कट गई। अचानक हुई इस घटना से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मासूम की हालत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही परिजन उसे निजी साधन से लाइफ केयर ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी रेफर कर दिया। मासूम के साथ हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
परिजनों का सवाल है कि आखिर विद्यालय में छोटे बच्चों की सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी किसकी है? यदि विद्यालय परिसर में बच्चों की गतिविधियों पर उचित निगरानी रखी जाती और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो शायद इस तरह की दर्दनाक घटना को रोका जा सकता था।इस घटना ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। विद्यालय में पढ़ने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा, बाथरूम की व्यवस्था तथा शिक्षकों और कर्मचारियों की निगरानी व्यवस्था की निष्पक्ष जांच किए जाने की आवश्यकता है।