विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डिजिटल शिक्षा को झटका, प्रदेश के AI अवेयरनेस कोर्स में 97 प्रतिशत छात्र पिछड़े

Published: Fri, 11 Sep 2026 08:39 AM (IST)

प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में चल रहे एआई अवेयरनेस प्रोग्राम में छात्रों की धीमी प्रगति ने शिक्षा विभाग की चिंता ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. प्रदेश के एआई अवेयरनेस प्रोग्राम में छात्रों की धीमी प्रगति।

  2. 43 जिलों में केवल 2.48% छात्रों ने ही कोर्स पूरा किया।

  3. वाराणसी 10वें स्थान पर, एक सप्ताह में कोर्स पूरा करने के निर्देश।

संग्राम सिंह, वाराणसी। प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में चल रहे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) अवेयरनेस प्रोग्राम में छात्रों की सुस्त रफ्तार ने शिक्षा विभाग की चिंता बढ़ा दी है। चार महीने का लंबा वक्त बीत जाने के बाद भी उम्मीद के मुताबिक नतीजे सामने नहीं आए हैं, जिस पर शासन स्तर से गहरी नाराजगी जताई गई है। इस बीच, बेहतर प्रदर्शन न सही, लेकिन साख बचाने में कामयाब रहे बनारस को प्रदेश में 10वां स्थान हासिल हुआ है।

जिले में कुल 8,357 छात्रों ने नामांकन कराया था, जिनमें से 188 छात्र अपना कोर्स सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं, जबकि 8,167 छात्र वर्तमान में इस पाठ्यक्रम से जुड़े हुए हैं। बता दें कि टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) फाउंडेशन और महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के सहयोग से महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी (एमपीआइटी) गोरखपुर द्वारा यह निश्शुल्क 20 घंटे का बेसिक एआइ कोर्स 15 अप्रैल 2026 से शुरू किया गया था।

कक्षा 11 और 12 के लिए डिजाइन किए गए इस सेल्फ-पेस्ड (अपनी गति से सीखने वाले) प्रोग्राम का उद्देश्य युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है। कोर्स पूरा करने पर छात्रों को सर्टिफिकेट के साथ दो क्रेडिट पाइंट्स भी मिलने हैं। जौनपुर को पहला स्थान प्राप्त हुआ है। लेकिन, प्रदेशभर के आंकड़े डराने वाले हैं। 43 जिलों में पंजीकृत 3,12,441 विद्यार्थियों में से अब तक महज 7,756 छात्रों (यानी मात्र 2.48 प्रतिशत) ने ही कोर्स पूरा किया है।

exam

वहीं, 3,04,610 छात्र अभी भी पीछे हैं और 75 छात्रों ने तो अभी तक खाता तक नहीं खोला है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त निदेशक (लखनऊ) विवेक नौटियाल ने जिला विद्यालय निरीक्षकों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। स्कूलों में विशेष टीमें बनाकर प्रधानाचार्यों को रोजाना छात्रों से संपर्क करने को कहा गया है ताकि किसी भी तरह एक हफ्ते के भीतर शत-प्रतिशत कोर्स पूरा कराया जा सके। बनारस के छात्रों के लिए यह समय अपनी रैंकिंग को टाप-10 से और ऊपर ले जाने और इस डिजिटल मौके का पूरा लाभ उठाने का है।

ऑनलाइन बेसिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अवेयरनेस प्रोग्राम का उद्देश्य

  • राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालयों में पंजीकृत छात्र-छात्राओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता लाना।
  • छात्रों को एआइ के व्यावहारिक अनुप्रयोगों और उभरते हुए करियर के अवसरों से अवगत कराना।
  • विद्यार्थियों में तकनीकी क्षेत्र के प्रति रुचि विकसित करना ताकि वे भविष्य में इस क्षेत्र को करियर के रूप में चुन सकें।

image - 2026-09-11T083640.495

यह भी पढ़ें- सुलतानपुर और वाराणसी से मुंबई के लिए चलेंगी दो जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें, चेक करें टाइम टेबल

यह भी पढ़ें- वाराणसी-गया और कुशीनगर से मजबूत होगा यूपी का बौद्ध सर्किट, 2467 करोड़ के प्राइवेट निवेश से निखरेगा पर्यटन नेटवर्क