वाराणसी में नोमानिया मस्जिद से उतारे गए तीन लाउडस्पीकर, ध्वनि प्रदूषण पर हुई कार्रवाई
वाराणसी के बजरडीहा स्थित नोमानिया मस्जिद से ध्वनि प्रदूषण के मानक से अधिक लगे तीन लाउडस्पीकर हटाए गए। उच्च न्यायालय के आदेश के मद्देनजर पुलिस ने यह कार्रवाई की, और आगे भी ऐसी शिकायतों पर संज्ञान लेने की बात कही।

वाराणसी में ध्वनि प्रदूषण पर कार्रवाई, नोमानिया मस्जिद से तीन लाउडस्पीकर जब्त।
HighLights
नोमानिया मस्जिद से तीन लाउडस्पीकर हटाए गए।
ध्वनि प्रदूषण के मानक से अधिक थे लाउडस्पीकर।
उच्च न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने की कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा में उच्च न्यायालय के आदेश के मद्देनजर ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी प्रशांत शिवहरे के मुताबिक बजरडीहा स्थित नूर नगर स्थित देव पोखरी की नोमानिया मस्जिद में मानक से अधिक संख्या में तीन लाउडस्पीकर लगवाए गए थे।
पुलिस के अनुसार मानक से अधिक ध्वनि के कारण क्षेत्रीय लोगों को परेशानी हो रही थी। तीनों लाउडस्पीकर जब्त कर लिए गए। एसओ भेलूपुर दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि ध्वनि प्रदूषण से संबंधी शिकायतों का संज्ञान लेकर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।