काशी में परंपराओं का हजारा दीपस्तंभ जलते ही रोशनी से सज गया दीपों का महाकुंभ
काशी के ऐतिहासिक पंचगंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा की शाम देव दीपावली का अद्भुत नजारा दिखा। हजारों दीयों और हजारा दीपस्तंभ के प्रज्वलन से पूरा घाट 'हर-हर महादेव' के उद्घोष से गूंज उठा, जिसके बाद भव्य गंगा आरती हुई।

काशी में देव दीपावली पर पंचगंगा घाट पर जगमगाए हजारों दीये।
HighLights
पंचगंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा की शाम देव दीपावली मनाई गई।
हजारों दीयों और हजारा दीपस्तंभ से घाट जगमगा उठा।
वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद के बीच भव्य गंगा आरती हुई।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा की शाम काशी के ऐतिहासिक पंचगंगा घाट पर आस्था और परंपरा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गोधूलि बेला में जैसे ही घाट की सीढ़ियों और पंचगंगा घाट, श्रीमठ परिसर में हजारों दीये एक साथ जले, ऐसा लगा मानो आसमान के तारे जमीन पर उतर आए हों। घाट की सीढ़ियां, मठ की दीवारें और गंगा की लहरें सुनहरी आभा से जगमगा उठीं।
देव दीपावली के मौके पर पंचगंगा घाट स्थित प्राचीन पत्थर के हजारा दीपस्तंभ को विशेष रूप से सजाया गया था। शाम गोधूलि बेला में वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच जैसे ही इस ऐतिहासिक स्तंभ के एक हजार से अधिक दीपों को प्रज्वलित किया गया, पूरा घाट 'हर-हर महादेव' के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। स्थानीय युवाओं और सामाजिक संगठनों ने सुबह से ही श्रमदान कर घाट को रंगोली और फूलों से सजाया था।
दीपदान के पश्चात घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। बटुकों द्वारा की गई आरती की मनमोहक छटा को निहारने के लिए देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान घाट पर भजन संध्या ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।