वाराणसी-मुंबई के बीच फ्लाइट नहीं फिर भी टिकटों की बुकिंग जारी, स्पाइसजेट की बदहाल सेवाओं से यात्री परेशान
स्पाइसजेट की बदहाल सेवाओं के कारण वाराणसी में हवाई यात्रियों को लगातार उड़ानें निरस्त होने और रिफंड न मिलने से परेशानी हो रही है। कं

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
स्पाइसजेट की उड़ानें लगातार निरस्त, यात्रियों को भारी परेशानी।
रिफंड के बजाय अगली तारीख का विकल्प, लाखों फंसे।
वाराणसी-मुंबई के लिए बुकिंग, जबकि सेवा शुरू नहीं हुई।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। आर्थिक संकट से जूझ रही विमानन कंपनी स्पाइसजेट की बदहाल सेवाओं का खामियाजा अब हवाई यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से स्पाइसजेट की उड़ानें लगातार निरस्त होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
किसी की जरूरी यात्रा छूट रही है तो किसी की नौकरी, कारोबार समेत अन्य जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि उड़ान निरस्त होने के बाद यात्रियों के टिकट का पैसा वापस नहीं मिल रहा है। लाखों रुपये रिफंड के इंतजार में यात्री फंसे हैं।
स्पाइसजेट काउंटर से टिकट का पैसा वापस नहीं मिलने से परेशान यात्री आए दिन विरोध करने के साथ हंगामा कर रहे हैं। इससे एयरपोर्ट पर माहौल बिगड़ रहा है। स्पाइसजेट की कार्यप्रणाली पर सवाल तब और गहरे हो जाते हैं, जब वाराणसी से मुंबई के बीच विमान सेवा शुरू हुए बिना ही टिकटों की बुकिंग की जा रही है।
यात्री टिकट बुक कर लेते हैं, लेकिन यात्रा की तारीख नजदीक आने पर विमान निरस्त होने का संदेश मिल जाता है। इससे यात्रियों को दूसरी विमानन कंपनियों से महंगे किराये पर टिकट लेना पड़ता है। कई यात्रियों को अंतिम समय में यात्रा रद करनी पड़ रही है। जिन लोगों ने पहले से होटल समेत अन्य व्यवस्थाओं की बुकिंग कराई है, उन्हें अलग नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्पाइसजेट पर यात्रियों के साथ भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) का भी बकाया बताया जा रहा है। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, कंपनी पर कार्यालय के किराये के साथ विमानों की लैंडिंग, उड़ान और पार्किंग शुल्क की रकम लंबे समय से लंबित है। ऐसे में कंपनी की आर्थिक स्थिति और सेवाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
यात्री नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से हस्तक्षेप कर फंसी रकम वापस दिलाने और उड़ानों के संचालन की स्थिति स्पष्ट कराने की मांग कर रहे हैं। स्पाइसजेट के स्थानीय प्रबंधक राजेश सिंह ने बताया कि विमानों के संचालन से जुड़े आदेश मुख्यालय से जारी होते हैं। स्थानीय स्तर पर इसमें कर्मचारियों का कोई हस्तक्षेप नहीं है। वाराणसी-मुंबई के बीच विमान सेवा शुरू नहीं हुई है, लेकिन टिकटों की बुकिंग जारी है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।
रिफंड की बजाय अगली तारीख का दे रहे विकल्प
उड़ान निरस्त होने पर जब यात्री उनके काउंटर पर पहुंचकर टिकट का पैसा वापस मांगते हैं तो कंपनी की ओर से तत्काल रिफंड देने के बजाय अगली तारीख पर यात्रा करने का विकल्प दिया जाता है। इतना ही नहीं, यात्री से बिना पूछे अगली तिथि पर टिकट बुक कर दिया जाता है।
ऐसे में यात्री मजबूरी में टिकट की तारीख बदलवाते हैं, लेकिन अगली तारीख पर भी उड़ान निरस्त होने से उनकी परेशानी बढ़ जाती है। स्पाइसजेट ने करीब छह महीने तक वाराणसी एयरपोर्ट से अपनी विमान सेवाओं का संचालन बंद रखा था। लगभग एक महीने पहले कंपनी ने वाराणसी से दिल्ली और पुणे के लिए उड़ानें दोबारा शुरू की थीं।
इससे यात्रियों को उम्मीद जगी थी कि उन्हें हवाई सफर का एक और विकल्प मिलेगा, लेकिन कुछ ही दिनों में विमानों की कमी और परिचालन संबंधी दिक्कतों के कारण उड़ानें फिर निरस्त होने लगीं।
कम किराये के चक्कर में फंस रहे यात्री
उड़ानें निरस्त होने के बाद एयरपोर्ट टर्मिनल पर यात्रियों और कंपनी के कर्मचारियों के बीच अक्सर नोकझोंक हो रही है। यात्रियों का गुस्सा ग्राउंड स्टाफ को झेलना पड़ रहा है। नाम न छापने की शर्त पर कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि कम किराये के कारण यात्री टिकट बुक कर लेते हैं, लेकिन उड़ान निरस्त होने पर उन्हें जवाब देना पड़ता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।