देवोत्थान एकादशी पर बाबा विश्वनाथ का गन्ने से विशेष श्रृंगार, हर की नगरी में हरि का गूंजा महात्म्य
देवोत्थान एकादशी और तुलसी विवाह के पावन पर्व पर काशी विश्वनाथ धाम में विशेष आयोजन हुआ। बाबा विश्वनाथ का गन्ने से आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

देवोत्थान एकादशी पर काशी विश्वनाथ का गन्ने से विशेष श्रृंगार।
HighLights
काशी विश्वनाथ धाम में देवोत्थान एकादशी का विशेष आयोजन।
बाबा विश्वनाथ का गन्ने से मनमोहक और आकर्षक श्रृंगार।
मंगला आरती में श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़, भक्तिमय माहौल।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी यानी हर की नगरी में हरि के गुणगान का दौर सुबह से ही रहा। आस्था का जोर गंगधार से बाबा दरबार और घर-घर नजर आया। काशी में बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया और बाबा दरबार में आस्थावानों की भी सुबह से ही सक्रियता का दौर बना रहा। काशी में देवोत्थानी एकादशी का दौर शुरू होने के साथ ही घर घर देव उपासना का दौर शुरू हो गया।
वहीं देवोत्थान एकादशी और तुलसी विवाह के पावन पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष आयोजन हुआ। धाम परिसर स्थित भगवान श्री विश्वेश्वर की मंगला आरती में बाबा विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। मंगला आरती में बाबा विश्वनाथ को गन्ने का भोग लगाया गया। गन्ने से बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया था, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
मंगला आरती के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। इस अवसर पर धाम में भक्तिमय माहौल बना रहा। हर हर बम बम का काशी में सुबह से ही दौर रहा और आस्था का सागर गंग धार से बाबा दरबार तक एकाकार नजर आया। आस्थावानों ने गंगा स्नान कर यथा संभव दान पुण्य भी किया। बाबा दरबार पहुंचे और बाबा को नमन कर नारायण के चरणों में नमन कर चरणामृत माथे लगाकर पान किया। आस्था पथ पर बाबा दरबार में बाबा विश्वनाथ का परंपरागत गन्ने से श्रृंंगार किया गया।