वाराणसी में बुकिंग खुलते ही फुल हुई स्लीपर वंदे भारत, कई दिनों तक कंफर्म सीट नहीं
वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की बुकिंग शुरू होते ही दीपावली के बाद वापसी यात्रा के लिए सीटें तुरंत ...और पढ़ें

वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस हुई फुल, यात्रियों को नहीं मिल रही कंफर्म सीट।
HighLights
बुकिंग खुलते ही वंदे भारत स्लीपर की सीटें तुरंत फुल हो गईं।
दीपावली के बाद वापसी यात्रा के लिए कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं।
आधुनिक सुविधाओं और तेज रफ्तार से यात्रियों को आकर्षित कर रही।
जागरण संवाददाता,वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन (वाराणसी जंक्शन) और नई दिल्ली के बीच आगामी दो नवंबर से शुरू हो रहे वंदे भारत एक्सप्रेस के नियमित परिचालन को जबरदस्त ट्रैफिक मिलना शुरू हो गया है। रेलवे की ओर से स्लीपर वंदे भारत में सफर के लिए टिकट की बुकिंग शुरू किए जाने के कुछ देर बाद ही ट्रेन फुल हो गई।
कुछ ऐसा कि दीपावली पर्व के बाद नई दिल्ली लौटने के लिए 10 नवंबर से 17 नवंबर तक ट्रेन के किसी श्रेणी में कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं है। वहीं, तीन नवंबर से आठ नवंबर तक नई दिल्ली से वाराणसी आने के लिए ट्रेन में वेटिंग की स्थिति बन गई है। बीते 31 अक्टूबर को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बनारस रेलवे स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर स्लीपर वंदे भारत को नई दिल्ली के लिए रवाना किया था।
राजधानी से भी होगी तेज रफ्तार, 2:38 मिनट पूर्व पहुंचेगी
आधुनिक सुविधाओं वाली 27421 स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस संभवत: अपनी तेज रफ्तार से भी यात्रियों को लुभा रही होगी। यह ट्रेन वाराणसी जंक्शन से रात में 8:50 बजे रवाना होकर 9:20 घंटे बाद प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़़ व गाजियाबाद में ठहराव लेने के बाद नई दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, 20505, 20503 राजधानी एक्सप्रेस 11:59 मिनट, 12581 बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस 11:15 मिनट व 2559 शिवगंगा एक्सप्रेस (बनारस स्टेशन से खुलने वाली) 10:15 घंटे में नई दिल्ली पहुंचाती है।
निर्धारित हुआ किराया
-1915 रुपये वातानुकूलित तृतीय श्रेणी।
-2470 रुपये वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी।
-3030 रुपये वातानुकूलित प्रथम श्रेणी।
ये सुरक्षा और सुविधाएं जो कर रहीं आकर्षित
- रात्रिकालीन यात्रा के लिए बेहतर बाडी सपोर्ट वाले एग्रोनामिक बर्थ।
- टक्कर रोकथाम और परिचालन सुरक्षा के लिए स्वदेशी कवच प्रणाली।
- ट्रेन के क्रू से सीधा संवाद के लिए इमरजेंसी टाक-बैक सिस्टम।
- उन्नत नियंत्रण और सुरक्षा प्रणालियों से सुसज्जित आधुनिक ड्राइवर कैब।
- क्षेत्रीय व्यंजनों के विकल्पों के साथ आनबोर्ड कैटरिंग की सुविधा।
- दिव्यांग जन के लिए ट्वायलेट।
- एसी प्रथम श्रेणी में शावर की सुविधा।
- सीसीटीवी कैमरों से सभी कोचों में निगरानी।
स्लीपर वंदे भारत की विश्वस्तरीय आरामदेह सुविधाएं, उसकी टाइमिंग यात्रियों को ज्यादा आकर्षित कर रही हैं।इस ट्रेन के सुबह छह बजे नई दिल्ली पहुंचने पर वहां से विभिन्न जगहों के लिए रवाना होने वाली लिंक प्रीमियम ट्रेनें आसानी से मिल सकेंगी, जो यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण होगा।
अर्पित गुप्ता, स्टेशन डायरेक्टर, वाराणसी जंक्शन।