काशी से वडनगर तक 500 बाइकर्स का 'संकल्प सफर', 25 साल की सेवा का संदेश लेकर निकलेंगे युवा
भाजपा युवा मोर्चा प्रधानमंत्री मोदी के 'जन सेवा से देश सेवा' अभियान के तहत काशी से वडनगर तक 500 बाइकर्स की यात्रा निकाल रहा है।
HighLights
भाजपा युवा मोर्चा की काशी से वडनगर तक 500 बाइकर्स यात्रा।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल जन सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा।
युवा सरकार की उपलब्धियां गांवों तक पहुंचाएंगे, संगठनात्मक सक्रियता आधार।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी से गुजरात के वडनगर तक बाइक का पहिया घूमेगा तो इसके साथ देश के अलग-अलग हिस्सों के युवाओं का संगठनात्मक और सामाजिक जुड़ाव भी दिखाई देगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘जन सेवा से देश सेवा-25 साल संकल्प अभियान’ के तहत भाजपा युवा मोर्चा की ओर से करीब 500 युवा बाइकर्स वाराणसी से वडनगर तक यात्रा करेंगे।
यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों के युवा शामिल हैं। बाइकर्स के अनुसार असम से गुजरात और कश्मीर से लेकर दक्षिण भारत तक के युवाओं का समूह इसमें हिस्सा ले रहा है।
युवाओं ने बताया कि यात्रा के लिए उन्हें अलग-अलग समूहों में बांटा गया है। प्रत्येक समूह के साथ समन्वय की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों की ओर से रूट चार्ट उपलब्ध कराया गया है और यात्रा के दौरान करीब 70 से 100 किलोमीटर के अंतराल पर ठहराव तय किए गए हैं। पड़ाव पर भोजन, पानी और विश्राम के साथ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम होंगे। इसके बाद युवा अगले पड़ाव के लिए रवाना होंगे।
संगठनात्मक सक्रियता बनी चयन का आधार
यात्रा में शामिल कुछ युवाओं के मुताबिक प्रतिभागियों के चयन में केवल बाइक चलाने की क्षमता ही आधार नहीं रही। उन्होंने बताया कि कई युवा अपने-अपने राज्यों में भाजपा और उसके अनुषांगिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी अथवा सक्रिय कार्यकर्ता हैं। कुछ युवाओं के परिवारों की भी राजनीतिक-सामाजिक पृष्ठभूमि रही है।
बाइकर्स के अनुसार चयन के दौरान युवाओं की राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता, संगठनात्मक सक्रियता, संवाद क्षमता और वाक्पटुता जैसे पहलुओं को भी देखा गया।
ये युवा सरकार के कार्यक्रमों और उपलब्धियों कि जानकारी पड़ाव स्थल से लेकर यात्रा क्रम में आने वाले गांवों में जन जन तक पहुंचाएंगे। चयनित युवाओं को अलग-अलग समूहों में रखकर यात्रा के संचालन की जिम्मेदारी तय की गई है।

लखनऊ से पहुंचीं सभी बाइकें
यात्रा की एक खास व्यवस्था यह है कि प्रतिभागियों के लिए इस्तेमाल होने वाली सभी बाइकें लखनऊ से मंगाई गई हैं। यात्रा के दौरान बाइकर्स के साथ तय प्रबंधन व्यवस्था रहेगी। युवाओं को बाइक का नंबर दिया गया है। रूट के प्रत्येक चरण को पहले से निर्धारित किया गया है ताकि पड़ाव, भोजन और कार्यक्रमों का संचालन एक साथ किया जा सके।
यात्रा के अंतिम चरण में सभी बाइकर्स सात अक्टूबर को गुजरात के वडनगर पहुंचेंगे। युवाओं ने बताया कि अंतिम पड़ाव पर बाइकें निर्धारित स्थान पर जमा कर दी जाएंगी। समापन कार्यक्रम के बाद प्रतिभागी अपने-अपने राज्यों की ओर लौटेंगे।
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी के जन्मदिन पर वाराणसी से वडनगर तक 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा', राजनाथ सिंह और सीएम योगी दिखाएंगे हरी झंडी

तेलंगाना समेत कुछ राज्यों की भागीदारी पर चर्चा
यात्रा में शामिल युवाओं ने असम, गुजरात, कश्मीर और दक्षिण भारत के विभिन्न हिस्सों से युवाओं की भागीदारी की जानकारी दी। हालांकि तेलंगाना समेत कुछ राज्यों की भागीदारी का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया। इससे राजनीतिक हलकों में इसके अलग-अलग अर्थ निकाले जा रहे हैं।
हालांकि किसी राज्य की अनुपस्थिति के कारण को लेकर आयोजकों की ओर से स्पष्ट आधिकारिक कारण बताए जाने की पुष्टि नहीं है।
यात्रा को केवल बाइक रैली के रूप में नहीं बल्कि भाजपा युवा मोर्चा की ओर से युवाओं को संगठनात्मक रूप से जोड़ने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष से जुड़े अभियान के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।
40 हजार किमी का सामूहिक सफर
आयोजन से जुड़े युवाओं के अनुसार यात्रा के दौरान निर्धारित मार्ग से करीब 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय होगी। अलग-अलग राज्यों से आए युवा अपने समूह के साथ यात्रा के चरण पूरे करेंगे। काशी से शुरू होकर गुजरात के वडनगर तक पहुंचने वाली यह यात्रा देश के अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों से आए युवाओं को एक साझा रूट पर जोड़ेगी।
यात्रा में शामिल युवा बाइकर्स-
हम अलग-अलग राज्यों से आए हैं। भाषा, क्षेत्र और रहन-सहन अलग हो सकता है, लेकिन यात्रा का उद्देश्य एक है।
भोला नाथ, श्रीरामपुर, पश्चिम बंगाल।असोम से लेकर गुजरात और कश्मीर से दक्षिण भारत तक के युवाओं के साथ बाइक पर इतना लंबा सफर अपने आप में अलग अनुभव है।
- विमल चौधरी, देहरादून, उत्तराखंड।चयन में संगठन के साथ सक्रियता के अलावा युवाओं की संवाद क्षमता, राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता और लोगों के बीच अपनी बात रखने की क्षमता को भी महत्व दिया गया।
- जुगल किशोर जोशी, ग्वालियर, मध्यप्रदेश।यात्रा का रूट चार्ट हमारे समूह प्रभारी के पास है। उन्ही के अनुरूप हमें अपनी पूरी यात्रा तय करनी है। इस दौरान सरकार की उपलब्धियां और कार्यक्रम बताये जायेंगे।
धर्मेन्द्र कुमार मंडल, साहिब गंज, झारखण्ड।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर का 'मास्टरमाइंड' और महिला गैंग का आतंक, वाराणसी में लग्जरी कार से आकर ऑटो में काटते थे महिलाओं की चेन
