मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज ने न्यूयार्क में भारत का बढ़ाया मान, संयुक्त राष्ट्र महासभा के हिंदी दिवस समारोह में लिया हिस्सा
सांसद प्रिया सरोज ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में भाग लेकर भारत और अपनी माटी का ...और पढ़ें

वैश्विक मंच पर चमकीं मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज, UNGA में बढ़ाया भारत का गौरव।
HighLights
सांसद प्रिया सरोज ने UNGA में भारत का मान बढ़ाया।
न्यूयॉर्क में हिंदी दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
रवांडा राजदूत और यूएन कंट्रोलर से महत्वपूर्ण मुलाकातें कीं।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र में भाग लेने न्यूयार्क गई मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र की समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज ने वैश्विक मंच पर भारत और अपनी माटी का मान बढ़ाया है। सांसद प्रिया सरोज 4 से 11 अक्टूबर के बीच भारतीय संसद के प्रतिनिधिमंडल (डेलिगेशन) के हिस्से के रूप में अमेरिका के न्यूयार्क में हैं।
अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित 'हिंदी दिवस' समारोह में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसके साथ ही उन्होंने कई वैश्विक और राजनयिक हस्तियों से महत्वपूर्ण मुलाकातें कीं। इस दौरान भारत के पक्ष को लेकर भी उनकी पहल सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में बनी हुई है। बताते चलें कि इसी वर्ष क्रिकेटर रिंंकू सिंंह के साथ उनका विवाह भी लखनऊ में होना है जिसमें देश विदेश की तमाम हस्तियां भी शामिल होंगी।

प्रमुख मुलाकातें और कूटनीतिक संवाद
रवांडा के राजदूत से भेंट: सांसद प्रिया सरोज ने संयुक्त राष्ट्र में रवांडा के स्थायी प्रतिनिधि महामहिम राजदूत मार्टिन के. नगोगा (H.E. Ambassador Martin K. Ngoga) से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच वैश्विक मंचों पर आपसी सहयोग और विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।
यूएन के कंट्रोलर से संवाद: उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के कंट्रोलर (Controller) चंद्रमौली रामनाथन से भी बातचीत की, जिसमें वैश्विक प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्थाओं के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

वैश्विक मंच पर भारत की सशक्त गूंज: सांसद प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर अपने इन अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि दुनिया के इस सबसे प्रतिष्ठित बहुपक्षीय मंच (Multilateral Forum) पर प्रत्येक संवाद और बैठक ने भारत के दृष्टिकोण को रखने तथा वैश्विक कूटनीति को समझने का एक अनूठा अवसर प्रदान किया है।

युवा सांसद की इस अंतरराष्ट्रीय सहभागिता से न केवल मछलीशहर और उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के युवाओं में खासा उत्साह है। यह दौरा भारतीय लोकतंत्र की जीवंतता और वैश्विक स्तर पर महिलाओं की बढ़ती नेतृत्व क्षमता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
