देव दीपावली पर फूलों और झालरों से सजा काशी विश्वनाथ धाम, ढाई लाख श्रद्धालुओं ने नवाया शीश
देव दीपावली की पूर्व संध्या पर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जहां मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है।

वैकुंठ चतुर्दशी पर बाबा विश्वनाथ का हुआ मनमोहक शृंगार। (फोटो सोर्स- मंदिर प्रशासन)
HighLights
ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन किए।
मंदिर को देव दीपावली के लिए रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाया गया।
सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। देव दीपावली की पूर्व संध्या पर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह मंगला आरती के बाद से ही मंदिर परिसर के बाहर भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो देर रात शयन आरती तक अनवरत जारी रहीं।
इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा धाम गुंजायमान रहा। रात तक ढाई लाख से अधिक श्रद्धालु ने बाबा का दर्शन लाभ लेकर खुद को धन्य महसूस किया।
कार्तिक पूर्णिमा व देव दीपावली के लिए श्रीकाशी विश्वनाथ धाम की भव्य साज-सज्जा का कार्य अंतिम चरण में है। एक दर्जन से अधिक कुशल कारीगर मंदिर के कोने-कोने को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, दीयों और फूल-मालाओं से जगमग करने में जुटे हैं।
धाम की आभा बढ़ाने के लिए 19 विभिन्न किस्मों के सुगंधित फूलों से विशेष सजावट की जा रही है, वहीं मंदिर चौक पर आकर्षक फूलों की रंगोली भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनेगी।

सजाया गया श्री काशी विश्वनाथ धाम का गेट नंबर चार। (मंदिर प्रशासन)
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। धाम में सावन के सोमवार की तर्ज पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम लागू कर दिए गए हैं।
मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने बताया कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक भक्त को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराना है। इसी उद्देश्य से प्रांगण में जिग-जैग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालु बिना किसी धक्का-मुक्की के अनुशासित और कतारबद्ध होकर बाबा विश्वनाथ के दिव्य दर्शन कर सके।