कैप्टन स्मित मछार के स्वास्थ्य के लिए काशी में विशेष प्रार्थनाएं, गंगा आरती में की गई मंगलकामना
फ्लाइडुबई विमान के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए काशी में विशेष प्रार्थनाएं की गईं। ...और पढ़ें

HighLights
कैप्टन स्मित मछार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु काशी में प्रार्थना।
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में रुद्राभिषेक और महामृत्युंजय मंत्र जाप।
ललिता, नमो और दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में कामना।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। संकट की घड़ी में अदम्य साहस, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देकर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले फ्लाईदुबई विमान के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए काशी में विशेष प्रार्थनाएं की गईं।
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में विशेष अनुष्ठान के साथ ललिता घाट और नमो घाट की गंगा आरती में उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई। धाम में 21 शास्त्रियों ने कुशा-जल से रुद्राभिषेक किया, जबकि 11 शास्त्रियों ने एक लाख महामृत्युंजय मंत्रों का जाप कर बाबा विश्वनाथ से कैप्टन स्मित मछार के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
कैप्टन के पूर्ण स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना
मंदिर न्यास की ओर से कहा गया कि विषम परिस्थितियों में उनका साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण सेवा, त्याग और मानवता के भारतीय संस्कारों का प्रतिबिंब है। इसी क्रम में सायंकाल श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा संचालित ललिता घाट और नमो घाट की गंगा आरती में भी विशेष प्रार्थना की गई। शास्त्रियों ने विधि-विधान से मां गंगा की आरती संपन्न कर कैप्टन के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना की।
घाट पर मौजूद रहे बहु संख्य श्रद्धालु
उधर, दशाश्वमेध घाट पर होने वाली प्रसिद्ध गंगा आरती में गंगा सेवा निधि परिवार और काशीवासियों ने कैप्टन के साहस को नमन करते हुए मां गंगा से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि गंगा तट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने उनके साहस के लिए नमन किया और पूजन कर जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस दौरान घाट पर मौजूद रहे।
