विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोकल से हुई ग्लोबल: काशी की मिट्टी और महिलाओं के हुनर से जगमगाएगी देव दीपावली, 4.65 लाख होगी कमाई

Published: Fri, 20 Nov 2026 02:32 PM (IST)

काशी की देव दीपावली पर ग्रामीण महिलाओं द्वारा बनाए गए तीन लाख दीये गंगा घाटों को रोशन करेंगे। 

स्वयं सहायता समूह की महिलाएं दीया बनाती हुई। स्रोत-सूचना विभाग।

स्वयं सहायता समूह की महिलाएं दीया बनाती हुई। स्रोत-सूचना विभाग।

HighLights

  1. ग्रामीण महिलाएं देव दीपावली के लिए तीन लाख दीये बना रही हैं।

  2. 82 स्वयं सहायता समूहों की 260 महिलाएं इस कार्य में जुटी हैं।

  3. यह पहल महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रही है।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी की मिट्टी और ग्रामीण महिलाओं के हुनर से तैयार तीन लाख दीये इस बार देव दीपावली पर गंगा के घाटों को रोशन करेंगे। इन दीयों की लौ केवल घाटों की भव्यता ही नहीं बढ़ाएगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तिकरण की नई कहानी भी लिखेगी।

कभी घर की जिम्मेदारियों तक सीमित रहने वाली महिलाएं अब अपने हुनर और मेहनत से विश्वप्रसिद्ध आयोजन को खास बनाने में जुटी हैं। आठ ब्लाकों की 82 स्वयं सहायता समूहों की 260 महिलाएं दीया बनाने में जुटी हैं। इस काम से उन्हें करीब 4.65 लाख रुपये की आमदनी होगी, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा कर सकेंगी।

सरकार ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रही है। जिला मिशन प्रबंधक विक्रम सिंह ने बताया कि आठ विकास खंडों में चिरईगांव की महिलाएं सबसे अधिक दीयों का निर्माण कर रही हैं। यहां 13 स्वयं सहायता समूहों की 61 महिलाएं मिलकर 1.40 लाख दीये तैयार कर रही हैं।

लोकल से ग्लोबल हुई देव दीपावली

काशी की देव दीपावली दिनोंदिन भव्य होने के साथ विस्तार करता जा रहा है। आयोजन की बढ़ती पहचान के साथ स्थानीय लोगों और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार हुए हैं। इस बार घाटों पर सरकार की ओर से 11 लाख दीये जलाए जाएंगे, जबकि जनसहभागिता से लाखों दीये घाटों, कुंडों और सरोवरों को रोशन करेंगे।

यह भी पढ़ें- 5100 दीपों से जगमग होगा श्री मां वैष्णो दरबार, 24 नवंबर को भव्य देव दीपावली महोत्सव

घर की जरूरतों को कर रही पूरा

स्वयं सहायता समूह की सदस्य आरती ने बताया कि देव दीपावली की भव्यता बढ़ने के साथ हम लोगों को रोजगार के अवसर भी मिले हैं।

महिलाओं के लिए यह अच्छी आमदनी का अवसर है। इससे होने वाली अतिरिक्त कमाई से वे अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों और पारिवारिक जिम्मेदारियों को पूरा कर रही हैं।

स्वयं सहायता समूहों के जरिए मिला यह अवसर महिलाओं में आत्मविश्वास, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत कर रहा है। इस बार देव दीपावली पर दीयों की रोशनी केवल गंगा के घाटों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के घर-आंगन में भी आर्थिक खुशहाली का उजाला फैलाएगी।
-प्रखर कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।