विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ICC के चेयरमैन जय शाह ने वाराणसी के गंजारी स्टेडियम का लिया जायजा, 3 दिसंबर को खेला जाएगा पहला मैच

Published: Thu, 19 Nov 2026 06:30 AM (IST)

आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने वाराणसी के गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने सुविधाओं का जायजा लिया और सोलर पैनल लगाने का सुझाव दिया।

आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने गंजारी स्टेडियम वाराणसी का बुधवार को निरीक्षण किया।

आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने गंजारी स्टेडियम वाराणसी का बुधवार को निरीक्षण किया।

HighLights

  1. आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण किया।

  2. स्टेडियम में सोलर पैनल लगाने का सुझाव दिया गया।

  3. कूच बिहार ट्रॉफी के दो मैच स्टेडियम में होंगे।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी के क्रिकेट प्रेमियों क इंतजार खत्म होने वाला है। राजातालाब के गंजारी में बनकर तैयार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बड़े मुकाबलों की मेजबानी की ओर बढ़ चुका है। बुधवार शाम 6:10 बजे आईसीसी चेयरमैन जय शाह स्टेडियम पहुंचे। महापौर अशोक कुमार तिवारी, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भी उनके साथ रहे। आइसीसी चेयरमैन जय शाह ने करीब एक घंटा 57 मिनट तक स्टेडियम का निरीक्षण किया।

रात 8:07 बजे वे एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम में शिव तांडव स्तोत्रम की धुन गूंज रही थी। उन्होने ने मैदान, पिच और खिलाड़ियों से जुड़ी सुविधाएं भी देखीं। जय शाह ने दर्शक दीर्घा में लगी कुर्सियों पर बैठकर उसकी गुणवत्ता परखी। उन्होंने बैठने की सुविधा और दर्शकों को मिलने वाले अनुभव का भी जायजा लिया।

इसके अलावा मैदान की आउटफील्ड, जल निकासी व्यवस्था, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, मीडिया सुविधाओं और प्रसारण केंद्र का निरीक्षण किया। कैमरे लगाने के स्थान, प्रसारण की तकनीकी तैयारियों और खिलाड़ियों व दर्शकों के प्रवेश-निकास की व्यवस्था भी देखी।

दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष बनने के बाद जय शाह का पहला दौरा

आईसीसी चेयरमैन जय शाह का काशी के गंजारी स्टेडियम का दौरा खास रहा। दूसरी बार निर्विरोध आईसीसी चेयरमैन चुने जाने के बाद यह उनका पहला वाराणसी दौरा था। ऐसे में उनके निरीक्षण को स्टेडियम के साथ काशी के क्रिकेट भविष्य के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। जय शाह का दूसरा कार्यकाल दिसंबर 2030 तक रहेगा।

15 दिन में स्टेडियम में लगेंगे सोलर पैनल

गंजारी स्टेडियम में बिजली की खपत और डीजल पर होने वाले खर्च को कम करने के लिए जय शाह ने सोलर पैनल लगाने का सुझाव दिया। इस दिशा में राज्य सरकार की इकाई यूपीनेडा काम कर रही है। अगले 15 दिनों के भीतर स्टेडियम में सोलर पैनल लगाने का काम पूरा करने का लक्ष्य है। इससे बिजली की बचत होगी और जनरेटर पर निर्भरता भी घटेगी।

तीन से छह दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और पुडुचेरी के बीच होगा मुकाबला

गंजारी स्टेडियम को कूच बिहार ट्रॉफी के दो मैच आवंटित किए गए हैं। तीन से छह दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और पुडुचेरी तथा 11 से 14 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच मुकाबले होंगे। ये स्टेडियम में होने वाले शुरुआती बड़े क्रिकेट आयोजनों में शामिल होंगे।

इन मैचों का सफल आयोजन वाराणसी में भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी की राह खोल सकता है। इसके लिए मैदान और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं की गुणवत्ता अहम होगी। काशी की पहचान को ध्यान में रखकर बनाए जा रहे स्टेडियम में डमरू आकार का मीडिया सेंटर और त्रिशूल की आकृति वाले फ्लड लाइट टावर खास आकर्षण हैं। कूच बिहार ट्रॉफी के मुकाबलों के साथ गंजारी में बड़े क्रिकेट आयोजनों की शुरुआत होगी।

शिलान्यास को हुए 1152 दिन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को करीब 450 करोड़ रुपये की परियोजना की आधारशिला रखी थी। शिलान्यास के बाद 1152 दिन बीत चुके हैं।

यह भी पढ़ें- देव दीपावली पर वाराणसी में सुरक्षा रहेगी अभेद्य, 25 IPS समेत 4500 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे कमान

एक नजर आंकड़ों पर

  • परियोजना लागत : लगभग 450 करोड़ रुपये
  • शिलान्यास : 23 सितंबर 2023
  • शिलान्यास के बाद बीता समय : 1152 दिन
  • परिसर का क्षेत्रफल : 30 एकड़ से अधिक
  • दर्शक क्षमता : 30 हजार से अधिक
  • मुख्य मैदान की पिचें : नौ
  • अभ्यास की व्यवस्था : अलग मैदान और पांच नेट पिचें
  • पिचों की मिट्टी : चार लाल, तीन काली और दो मिश्रित
  • जल निकासी क्षमता : 100 मिलीमीटर तक बारिश का पानी
  • बारिश के बाद मैदान : 20 से 25 मिनट में खेलने योग्य बनाने का दावा
  • मीडिया सेंटर : डमरू आकार, करीब 2000 वर्गफीट का प्रसारण कक्ष
  • खिलाड़ियों की सुविधाएं : दो जिम, ड्रेसिंग रूम, चिकित्सा कक्ष, अलग डगआउट और जैकुजी
  • कारपोरेट बाक्स : 32
  • प्रवेश द्वार : छह
  • पार्किंग : करीब 1500 वाहन
  • फ्लडलाइट : 65 मीटर ऊंचे छह टावर, प्रत्येक पर 95 लाइटें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।