काशी में मोहित अग्रवाल ने बदली पुलिसिंग की परिभाषा, उपलब्धियों से भरा रहा है कार्यकाल, जानें किस तरह बदली शहर की छवि
वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल का प्रयागराज तबादला हो गया है, उनकी जगह किरण एस. को नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। मोहित अग्रवाल ने वाराणसी में यातायात सुधार, साइबर अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था में कई नवाचारी पहल कीं।

वाराणसी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल का प्रयागराज तबादला, किरण एस. बने नए मुखिया।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, वाराणसी।उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 28 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के क्रम में वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल का स्थानांतरण पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के पद पर कर दिया गया है। उनकी जगह 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी किरण एस.को वाराणसी का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है, जो इससे पूर्व लखनऊ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के रूप में कार्यरत थे।
वाराणसी कमिश्नरेट में अपने कार्यकाल के दौरान मोहित अग्रवाल ने कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साइबर अपराध नियंत्रण, बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और नागरिक केंद्रित पुलिसिंग के क्षेत्र में कई ठोस एवं नवाचारी पहल कीं, जिन्होंने काशी की पुलिस व्यवस्था को नई दिशा दी।
एमएलसी निर्वाचन और यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव
वाराणसी कमिश्नरेट में रहते हुए चुनाव प्रक्रियाओं के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए हमेशा संवेदनशील विषय रहा। एमएलसी निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराकर आम जनता और प्रत्याशियों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम रखा गया।
शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना भी मोहित अग्रवाल के कार्यकाल की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहा। पिछले तीन वर्षों के दौरान विभिन्न वर्गों के विरोध और दबाव के बावजूद अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार अभियान चलाए गए। इससे सड़कों पर अतिक्रमण घटा, वाहनों के आवागमन की गति सुधरी और यातायात अनुशासन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दिया।
काशी की भौगोलिक और धार्मिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन में कई व्यावहारिक प्रयोग भी लागू किए गए:
ई-रिक्शा बारकोड प्रणाली: अनियंत्रित ई-रिक्शा संचालन पर निगरानी और व्यवस्था बनाने के लिए बारकोड आधारित व्यवस्था शुरू की गई।
नो-व्हीकल जोन: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास नो-व्हीकल जोन विकसित कर श्रद्धालुओं के सुरक्षित व सुगम आवागमन को सुनिश्चित किया गया।
इंजीनियरिंग आधारित सुधार: मंडुवाडीह में यू-टर्न प्रणाली लागू की गई, व्यवस्थित पार्किंग के लिए पीली एवं हरी लाइनें चिह्नित की गईं और संवेदनशील व रणनीतिक स्थलों पर टायर किलर लगाए गए। इन उपायों से सड़क सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था को मजबूती मिली।
अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस और साइबर अपराधों में 35 प्रतिशत की कमी
संगठित, पेशेवर और आदतन अपराधियों के विरुद्ध कमिश्नरेट में सख्त जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई। चेन स्नैचिंग, महिलाओं से छेड़छाड़ और संगठित गो-तस्करी जैसी वारदातों में शामिल 125 से अधिक अपराधी पुलिस मुठभेड़ों में घायल हुए। खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई लगातार कार्रवाई से अपराधियों पर दबाव बना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।
संगठित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी प्रहार के लिए समर्पित 'एसओजी-2' इकाई का गठन किया गया। इस विशेष टीम ने देह व्यापार, जुआ, गो-तस्करी और अन्य अवैध नेटवर्क के खिलाफ लक्षित कार्रवाई कर कमिश्नरेट की खुफिया और प्रवर्तन क्षमता को और सशक्त बनाया।
साइबर अपराधों के खिलाफ वाराणसी में पहली बार पहचान, विवेचना और अनावरण के लिए सुनियोजित व केंद्रित रणनीति अपनाई गई। इसके तहत:
200 से अधिकसाइबर अपराधियों की गिरफ्तारी की गई।
आधा दर्जन अवैध कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ हुआ।
संगठित साइबर अपराध नेटवर्क के चंगुल से सैकड़ों साइबर बंधकों को मुक्त कराया गया।
पीड़ितों की ठगी गई धनराशि की उल्लेखनीय बरामदगी कर उन्हें वापस दिलाने के प्रयास किए गए।
केंद्रित साइबर पुलिसिंग और समन्वित कार्रवाई का ही परिणाम रहा कि वर्ष 2026 में पहली बार साइबर अपराधों में लगभग 35 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।
पुलिस लाइन का कायाकल्प, नए भवन और कल्याणकारी योजनाएं
पुलिसकर्मियों के मनोबल, स्वास्थ्य और पारिवारिक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए पुलिस लाइन को आधुनिक और सुव्यवस्थित टाउनशिप के रूप में विकसित किया गया। परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था, हरियाली और मनोरंजन की सुविधाएं जोड़ी गईं। प्रमुख विकास कार्यों में आधुनिक जिम्नेजियम, बैडमिंटन हॉल, बच्चों के लिए पार्क, क्रिकेट ग्राउंड, कैंटीन, पुलिस म्यूजियम, बेहतर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और तालाब का सौंदर्यीकरण शामिल है।
स्वच्छता, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए 'घर सजाओ, इनाम पाओ' पहल शुरू की गई, जिसमें पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इससे पुलिस परिवार में अपनत्व और गौरव की भावना को बल मिला।
आंतरिक संवाद और सौहार्द बढ़ाने के लिए 'लंच विद सीपी' पहल चलाई गई, जो विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों के बीच काफी लोकप्रिय रही। इसके जरिए उन्हें पुलिस आयुक्त के साथ सीधे और अनौपचारिक संवाद कर अपनी व्यक्तिगत व विभागीय समस्याओं को साझा करने का मंच मिला। होली, दीपावली, विजयादशमी और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे पर्व पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के साथ मनाए गए, जबकि महिला आरक्षी प्रशिक्षुओं के लिए 'बॉर्डर-2' फिल्म का विशेष प्रदर्शन भी कराया गया।
बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए:
चौक और कोतवाली थानों का व्यापक जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण कराया गया।
दो 12 मंजिला टाइप-1 आवासीय टावरों का निर्माण हुआ, जिनमें कुल 200 आवासीय इकाइयां हैं।
उपनिरीक्षकों और समकक्ष कर्मियों के लिए दो अतिरिक्त टाइप-2 आवासीय टावरों का निर्माण अंतिम चरण में है, जिनमें कुल 196 आवासीय इकाइयां प्रस्तावित हैं।
नवीन पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय भवन और राजपत्रित अधिकारियों के आवासीय भवनों का निर्माण कार्य शुरू किया गया।
लालपुर-पांडेयपुर, रोहनिया, बड़ागांव और फूलपुर में चार नए थानों का निर्माण पूरा कराया गया।
सीएम डैशबोर्ड में शीर्ष पांच में स्थान और 100 से अधिक वीवीआईपी दौरे
50 विभिन्न मानकों पर जिलों और कमिश्नरेट के प्रदर्शन का आकलन करने वाले मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर वाराणसी कमिश्नरेट की रैंकिंग में बड़ा सुधार आया। पहले लगभग 70वें स्थान पर रहने वाला वाराणसी कमिश्नरेट पिछले दो वर्षों से लगातार शीर्ष पांच स्थानों में बना रहा, जो मॉनिटरिंग, जवाबदेही और समयबद्ध कार्रवाई का सूचक है।
बड़े आयोजनों और भीड़ प्रबंधन के दौरान पुलिस व्यवहार को संवेदनशील बनाने के लिए विशेषज्ञ संस्थाओं के सहयोग से सॉफ्ट स्किल्स, संवाद कौशल, भावनात्मक समझ और नागरिक व्यवहार से जुड़ी कार्यशालाएं आयोजित की गईं। एयर शो, देव दीपावली और सावन जैसे बड़े आयोजनों में इसका सकारात्मक असर दिखा।
कार्यकाल के दौरान 100 से अधिक वीवीआईपी दौरों और अहम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का सफल समन्वय किया गया। इनमें प्रधानमंत्री के लगभग 10 दौरे, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के 70 से अधिक दौरे, विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के दो दौरे, केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक, मॉरीशस के साथ द्विपक्षीय वार्ता और ब्रिक्स सांस्कृतिक समूह की बैठक जैसे महत्वपूर्ण अवसर शामिल रहे।
फील्ड आधारित नेतृत्व और आगे की राह
मोहित अग्रवाल की कार्यशैली की पहचान कार्यालय तक सीमित रहने के बजाय मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करने, नागरिकों से सीधा संवाद करने और पुलिसकर्मियों के कार्यों की प्रत्यक्ष निगरानी करने वाले नेतृत्व के रूप में रही। महाकुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों से लेकर नियमित कानून-व्यवस्था तक, दृश्यमान और सुलभ पुलिसिंग पर जोर दिया गया। अब प्रयागराज कमिश्नरेट की नई जिम्मेदारी के साथ वे वहां की कानून-व्यवस्था संभालेंगे, जबकि वाराणसी में नए पुलिस आयुक्त किरण एस.के नेतृत्व में कमिश्नरेट की आगामी चुनौतियों और व्यवस्थाओं पर सभी की नजरें रहेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।