वाराणसी के गंगा महोत्सव में बिखरी लोकगीतों की छटा, कल्पना पटवारी के सुरों पर झूमे लोग
वाराणसी के नमोघाट पर गंगा महोत्सव की तीसरी संध्या लोकगीतों और भक्ति के रंग में रंगी। लोक गायिका कल्पना पटवारी ने छठ गीत, शिवाष्टकम और अपने चर्चित गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

नमो घाट पर आयोजित गंगा महोत्सव में गायन प्रस्तुत करती कल्पना पटवारी और नमो घाट पर आयोजित गंगा महोत्सव में कथक प्रस्तुत करते पं. रूद्र शंकर मिश्र
HighLights
कल्पना पटवारी ने छठ गीत, शिवाष्टकम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
ब्रज और वनटांगिया कलाकारों ने मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुत किए।
गंगा महोत्सव की तीसरी संध्या लोक रंगों से सराबोर रही।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सुर, ताल और लोक संस्कृति के संगम 'गंगा महोत्सव' की तीसरी संध्या रविवार को पूरी तरह लोक रंगों और भक्ति के नाम रही। नमोघाट के मुक्ताकाशीय मंच पर जैसे ही लोक गायिका कल्पना पटवारी ने माइक संभाला पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कल्पना ने अपनी खनकती आवाज में छठ गीत 'दर्शन मांगी ला...' से शाम का आगाज किया। इसके बाद उन्होंने 'प्रभु प्राणनाथं, शम्भू विश्वनाथम..' (शिवाष्टकम) की ऐसी ओजपूर्ण प्रस्तुति दी कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। कबीर के निर्गुण को सुर देते हुए उन्होंने 'कबीरा खड़ा बाजार में मांगे सबकी खैर...गाया तो दर्शन भी स्वर मिलाने लगे। 'हम त नैहर के बनि रसिली कि लोगवा पागल कहेला ना...' गाया तो श्रोता अपनी जगह पर झूमने लगे।
उन्होंने पारंपरिक पूर्वी और कजरी की तान छेड़ 'बाबा दिहले टिकवा सेनहुरवा...गाया। अपने चर्चित गाने 'ए गणेश के पापा' को प्रस्तुत कर दर्शकों को ऊर्जित कर दिया। लोकगीत 'हे डोला, राजा महाराजाओं का डोला...' ने भोजपुरी माटी की खुशबू बिखेर दी।
युवाओं की फरमाइश पर जब कल्पना ने 'झुमका झुलनिया हां हंसुली नथुनिया...' और 'मेहरून कलर सड़िया...' गाया, तो पंडाल में मौजूद हर शख्स थिरकने पर मजबूर हो गया। छठ के मार्मिक गीत 'काठ के रे नइयां गंगा जी के तीरवां...' के बाद उन्होंने अपनी अंतिम प्रस्तुति 'बम बम बोल रहा है काशी...' से पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया।
घाट पर जीवंत हुई ब्रज की होली
तीसरी संध्या में आगरा से आईं तृप्ति नागर और उनके छह सदस्यीय समूह ने ब्रज के लोकनृत्य और संगीत की छटा बिखेरी। उन्होंने 'मेरे भोले का जयकारा गली-गली' और 'निर्मल-निर्मल नीरपाणी, मारी गंगा में महाराणी' पर मनमोहक नृत्य किया। इसके बाद 'मोरी मैया की चुनर उड़ी जाए, पवन धीरे-धीरे चलो...' की प्रस्तुति ने ब्रज की गलियों को काशी के घाट पर जीवंत कर दिया।
वनटांगिया बेटियों ने नृत्य से जीता दिल
गोरखपुर से आए वनटांगिया समुदाय के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दिल जीत लिया। सुगम सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में पायल, रिद्धिमा, रिंकी और ललिता ने भोजपुरी और राजस्थानी लोकनृत्य का अनूठा संगम पेश किया। 'निक लागेले टिकुलिया गोरखपुर के', 'रेशम का रुमाल' और 'सइयां मिले लरकइयां' जैसे गीतों पर उनके सधे हुए कदमों ने दर्शकों को खूब तालियां बटोरी। गोरखपुर की जगदीश्वर प्रिया लक्ष्मी ने भी लोकनृत्य से समां बांध दिया।
अन्य कलाकारों ने भी लूटी वाहवाही
इससे पूर्व लोक गायिका रंजना राय ने 'कइसे शिव के मनाइब, शिव मानत नाहीं' और 'पटना से बैदा बुलाइदा दा, नजरा गईली...' सुनाकर खूब वाहवाही लूटी। इसके अलावा गणेश पाठक, सरिता सेठ, डा. जान्हवी पांडेय, स्नेहा अवस्थी, अंशुमान महाराज (काशी रस वाद्य वृंद) सहित कुल 17 कलाकारों की प्रस्तुतियों ने तीसरी संध्या को यादगार बना दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।