विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में पैकेट बंद केक खाने और कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद चार छात्राएं बेहोश

By Rakesh Srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 16 Nov 2026 01:33 PM (IST)

वाराणसी से शैक्षिक भ्रमण पर गए स्कूली बच्चों में से चार छात्राएं पैकेट बंद केक और कोल्ड ड्रिंक पीने के ...और पढ़ें

आगरा, मथुरा और वृंदावन के शैक्षिक भ्रमण कर स्कूल बस से वाराणसी लौट रहे थे 50 लोग।

आगरा, मथुरा और वृंदावन के शैक्षिक भ्रमण कर स्कूल बस से वाराणसी लौट रहे थे 50 लोग।

HighLights

  1. वाराणसी की छात्राएं शैक्षिक भ्रमण पर हुईं बीमार।

  2. पैकेट बंद केक और कोल्ड ड्रिंक पीने से बिगड़ी तबीयत।

  3. फूड प्वाइजनिंग के बाद अजीतमल सीएचसी में उपचार।

संवाद सहयोगी, जागरण, अजीतमल (औरैया)। पैकेट बंद केक खाने और कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद आगरा, मथुरा व वृंदावन घूमकर वाराणसी लौट रहे स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें चार छात्राएं तो बेहोश हो गईं। उन्होंने इटावा में जियो बीपी पेट्रोल पंप की कैंटीन से सामान खरीदा था। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में भर्ती कराया गया। कोतवाल विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि डाक्टरों ने फूड प्वाइजनिंग की बात कही है। उपचार के बाद सभी लोगों को भेज दिया गया। घटना रविवार सुबह की है।

वाराणसी के हरहुआ ब्लाक के शिवरामपुर स्थित राजेंद्र पटेल मेमोरियल जूनियर हाईस्कूल की बस 11 नवंबर को शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना हुई थी। बस में 41 छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ समेत 50 लोग सवार थे। 12 नवंबर को आगरा में ताजमहल और किले के साथ मथुरा का भ्रमण किया गया। 13 और 14 नवंबर को वृंदावन, बरसाना और गोकुल गए।

गोकुल में सभी बच्चों ने भंडारे का भोजन-प्रसाद ग्रहण किया। शनिवार शाम करीब 7:30 बजे सभी वाराणसी के लिए रवाना हुए। मथुरा के रिफाइनरी स्थित जियो पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के लिए बस रुकी थी। बच्चों ने पेट्रोल पंप पर बनी कैंटीन से कोल्ड ड्रिंक और केक मंगाकर खा लिया। इटावा पहुंचने पर कानपुर हाईवे किनारे ढाबे पर केवल बस चालक अखिलेश सिंह ने खाना खाया।

यहां से कुछ दूर चलते ही शनिवार देर रात करीब दो बजे छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। औरैया में अनंतराम टोल प्लाजा के पास बस रोककर पुलिस की मदद से चारों बीमार छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल में भर्ती कराया गया। डा. एके गुप्ता के अनुसार छात्राओं में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण थे, उपचार के बाद उनकी तबीयत ठीक हो गई।

उधर, विद्यालय प्रबंधक प्रेमचंद्र सिंह ने कोतवाली पुलिस को लिखित रूप से घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीमार होने वाली छात्राओं में कक्षा 10 की आंशिका पटेल, कक्षा 11 की सुस्मिता विश्वकर्मा, इंटर की मानसी सिंह और कक्षा नौ की आयुषी पटेल शामिल थीं। कोतवाल विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि सीएचसी अजीतमल में उपचार के बाद सुबह करीब चार बजे बस वाराणसी चली गई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।