Published: Tue, 09 Jan 2024 09:25 AM (IST)
Electric cruise अयोध्या के लिए चला कटमरैन 22 जनवरी के पहले पहुंचेगी। यह जानकारी परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भारत के पोर्ट, शिपिंग, वाटरवेज एवं आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कोलकाता में इनलैंड वाटर डेवलपमेंट काउंसिल की पहली बैठक हुई। बनारस एवं अयोध्या के लिए दो इलेक्ट्रिक संचालित क्रूज व्हीकल कटमरैन को उन्होंने रवाना किया।
अयोध्या के लिए चला कटमरैन 22 जनवरी के पहले पहुंचेगी। यह जानकारी परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने दी, वह बैठक में शामिल होने गए हैं। उन्होंने बताया कि इस कटमरैन में 75 से 100 लोगों के बैठने की क्षमता है, उसके निर्माण में 16 करोड़ खर्च हुए हैं।
परिवहन मंत्री ने बताया कि केंद्र और राज्य में मिलाकर 111 इनलैंड वाटरवेज है, जिसमें से 11 यूपी में हैं। बताया कि इनलैंड वाटरवेज का अच्छा स्कोप उत्तर प्रदेश में है। इनलैंड वाटरवेज के विकास से प्रदूषण की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी, वहीं राजस्व की भी प्राप्ति होगी।
नदियों के किनारे रहने वाले किसानों को भी होगा फायदा
सड़कों पर बढ़ रहे यातायात के दबाव को भी कम करने में मदद मिलेगी, इससे नदियों के किनारे रहने वाले किसानों को फायदा होगा। उनके उत्पाद कम लागत व कम समय में बाजार तक एक शहर से दूसरे शहर पहुंचाया जा सकता है।
मंत्री ने बताया कि मथुरा और प्रयागराज में भी एक-एक इलेक्ट्रिक क्रूज का संचालन किया जाएगा, इसकी तैयारी कर ली गई है। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री शिपिंग वाटरवेज व टूरिज्म श्रीपद नाईक, केंद्रीय राज्यमंत्री शिपिंग एवं वाटरवेज शांतनु ठाकुर भी मौजूद थे।