देव दीपावली पर काशी में दिखेगा अद्भुत नजारा, 51 घाटों पर होगी भव्य गंगा आरती
काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली का अद्भुत नजारा दिखेगा, जहां 51 प्रमुख घाटों पर भव्य गंगा आरती और दीपों की सजावट की जाएगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में देव दीपावली का भव्य आयोजन।
51 प्रमुख घाटों पर होगी भव्य गंगा आरती और दीपदान।
आदिकेशव से सामने घाट तक बिजली की रंगीन सजावट।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा पर 24 नवंबर (मंगलवार) को आदिकेशव घाट से लेकर सामने घाट तक गंगा के अर्धचंद्राकार तट की दीपों के साथ ही बिजली के रंग- बिरंगे बिजली के झालरों से सजावट आलौकिक छटा बिखरेगी। इस बार 51 प्रमुख घाटों पर गंगा आरती की जाएगी। देव दीपावली महोत्सव के लिए काशी के सभी 86 घाटों पर समितियों का गठन कर समन्वय के लिए 15 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है।
यह जानकारी रविवार को पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय देव दीपावली महासमिति के संस्थापक व अध्यक्ष पं. नारायण गुरु ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्य घाटों के अतिरिक्त गंगापार की रेती, सामने घाट और रामनगर घाट पर दीयों से सजावट की जाएगी। इसके साथ ही शहर के 102 से अधिक प्राचीन कुंडों और पोखरों पर भी देव दीपोत्सव मनाया जाएगा।

बताया कि इस उत्सव की नींव वर्ष 1985 में काशी के छह गंगा घाटों-जटार, राजा ग्वालियर, बालाजी, कोनिया, बिंदु माधव व गरवा घाट पर आठ हजार दीये जलाकर रखी गई थी।
1986 में 10 घाटों और 1995 तक 78 घाटों तक इस महोत्सव का विस्तार हुआ। वर्ष 2011 में गंगापार रेती में दीपदान की शुरुआत हुई, जो अब प्रमुख आकर्षण बन चुका है। काशी की देव दीपावली की तर्ज पर वर्ष 2014 से मध्य प्रदेश स्थित नर्मदा तट के अमरकंटक व उद्गम स्थल सहित पांच-छह प्रमुख स्थानों पर भी आरती व दीपदान जारी है। इस दौरान पं. नरेंद्र पांडेय, संतोष सोलापुरकर, नलिन नयन मिश्र मौजूद रहे।