वाराणसी में स्नातक एमएलसी की मैराथन मतगणना तीसरे दिन भी जारी, सपा ने बनाई निर्णायक बढ़त, भाजपा खेमे में सन्नाटा
वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना के तीसरे दिन सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने निर्णायक बढ़त बना ली है। भाजपा ...और पढ़ें

वाराणसी एमएलसी चुनाव: सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा की निर्णायक बढ़त।
HighLights
सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने बनाई निर्णायक बढ़त।
भाजपा केदारनाथ सिंह से 16,984 मतों से आगे।
मतगणना का तीसरा दिन, अंतिम परिणाम प्रतीक्षित।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। शिक्षक स्नातक एमएलसी चुनाव का परिणाम समाजवादी पार्टी के पक्ष में जाने के साथ ही स्नातक का परिणाम भी सपा के पास पहुंचना तय हो चुका है। हालांकि स्नातक के परिणाम का गुरुवार को तीसरे दिन इंतजार है। जबकि भाजपा खेमे के टेंट में सुबह सन्नाटा पसर गया और कुर्सियां समेटना शुरू हो चुका है।
बुधवार को पांचवें राउंड की काउंटिंंग के दौरान भाजपा के लोगों की मौजूदगी नहीं होने की बात से शुरू बवाल के बाद करीब तीन घंटे तक मतगणना प्रभावित रही है। इसकी वजह से देर रात पांचवें राउंड का परिणाम आ सका। जबकि आधी रात के बाद छठवें राउंड से गिनती फिर शुरू हुई है।
वाराणसी की पहड़िया मंडी स्थित लाल बहादुर शास्त्री नवीन मंडी में एमएलसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना गुरुवार को तीसरे दिन भी सुबह से जारी रही। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह पर अपनी बढ़त आखिरकार निर्णायक कर ली है।
यह भी पढ़ें : बसपा ने वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली में बनाए नए जिलाध्यक्ष, पार्टी ने बताई रणनीति

भाजपा की ओर से लगाया गया टेंट गुरुवार सुबह परिणाम की प्रतीक्षा किए बिना ही उखड़ना शुरू हो गया है।
प्रथम वरीयता के मतों की नौवें चक्र तक हुई गिनती में आशुतोष सिन्हा को 50,462 मत मिले हैं, जबकि भाजपा के केदारनाथ सिंह को अब तक कुल 33,478 मत प्राप्त हुए हैं। इस तरह आशुतोष सिन्हा 16,984 मतों से साथ निर्णायक बढ़त बनाकर आगे चल रहे हैं।
यह भी पढ़ें : वाराणसी में मतगणना स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं का हंगामा, बैरिकेड गिराकर पार करने की कोशिश, स्थिति तनावपूर्ण
इससे पहले आठवें चक्र की मतगणना तक आशुतोष सिन्हा को 47,450 और केदार सिंह को 31,189 मत मिले थे। उस समय सपा प्रत्याशी 16,261 मतों से आगे थे। नौवें चक्र में उनकी बढ़त बढ़कर 16,984 मतों तक पहुंच गई।
मतगणना स्थल पर सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। समर्थक अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं।
दूसरी ओर सुबह से ही भाजपा के खेमे में मायूसी का माहौल है। हालांकि, अभी अंतिम परिणाम घोषित नहीं हुआ है।
प्रथम वरीयता के मतों की गिनती के बाद दूसरे वरीयता के मतों की गणना गुरुवार सुबह से शुरू हो गई है। मतों की गणना पूरी होने के बाद ही चुनाव का अंतिम परिणाम स्पष्ट हो सकेगा। अंतिम नतीजा आने में दोपहर बाद तक का समय लगने की संभावना जताई गई है।
