'गठबंधन से बात नहीं बनी तो UP की सभी सीटों पर लड़ेगी लोजपा', काशी में गरजे चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने वाराणसी में शक्ति प्रदर्शन करते हुए कहा कि गठबंधन से बात न बनने पर लोजपा (रामविलास) उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंत्री चिराग पासवान।
HighLights
चिराग पासवान ने वाराणसी में किया शक्ति प्रदर्शन।
गठबंधन न होने पर लोजपा लड़ेगी सभी यूपी सीटें।
आरक्षण और संविधान पर आंच नहीं आने देंगे।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने काशी में शक्ति प्रदर्शन किया। कहा, अभी तो चुनावी शंखनाद है। गठबंधन से औपचारिक बात हो रही है अगर बात नहीं बनी तो पूरे उत्तर प्रदेश में पार्टी चुनाव लड़ेगी। इस तरह जदयू के बाद लोकजनशक्ति ने भी उप्र विधानसभा चुनाव में दम दिखाने, सीट पाने का दांव खेल दिया है।
जदयू ने अभी सप्ताह भर पहले पीएम के संसदीय क्षेत्र काशी में कार्यकर्ता सम्मेलन किया था जिसमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार शामिल हुए थे। गुरुवार को चिराग पासवान ने जगतपुर इंटर कालेज मैदान में लोजपा की नव संकल्प महासभा में कहा, पिता के संकल्प और सपनों को पूरा करने आया हूं। मेरे पिता ने दलितों-वंचितों के लिए बिहार में लड़ाई लड़ी।
आरक्षण पर नहीं आएगी आंच
उसी तरह उत्तर प्रदेश में सामाजिक न्याय की लड़ाई के लिए आया हूं। आज बाबा विश्वनाथ की धरती से अपने पिता के संघर्षों की कसम खाकर कहता हूं, जब तक चिराग पासवान जिंदा है तब तक न आरक्षण पर कोई आंच आएगी, न ही संविधान पर आंच आएगी। आजादी के बाद से कांग्रेस सत्ता में रहीं लेकिन संविधान के रचयिता बाबा साहेब भीमराव की तस्वीर देश के संसद में नहीं थी।
ये लोग संविधान हाथ में लेकर लहराते हैं लेकिन दलितों की आवाज बनकर पहली बार संसद में रामविलास पासवान ने तस्वीर लगवाई। मंडल कमीशन लाने का काम किया। आजादी के बाद से कांग्रेस और सपा जैसी पार्टियों ने जाति-धर्म के नाम पर भाई-भाई से लड़ाया। हमारे नेता ने अगड़ी जातियों से आने वाले गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण दिलाया।
यह भी पढ़ें- मथुरा में बोनट पर लटककर चीखती रहीं मां-बेटी, दो KM तक दौड़ाई कार; पैसों के विवाद में गाड़ी से मारी टक्कर
चिराग ने कहा कि राहुल गांधी को डर इससे लगता है कि उत्तर प्रदेश का युवा जाति-धर्म से उठकर एक हो गए तो वे सत्ता में नहीं आ पाएंगे। सभा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणिशंकर पांडेय, जमुई बिहार से लोजपा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती, राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेन्द्र सिंह मुन्ना, मीडिया प्रभारी धीरेंद्र कुमार मुन्ना आदि उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।