काशी में इंडियन ऑयल प्लांट में आपातकालीन मॉक ड्रिल, सुरक्षाकर्मियों ने आग से जूझकर घायलों को बचाया
वाराणसी के बाबतपुर स्थित इंडियन ऑयल प्लांट में आपातकाल और हवाई हमले की स्थिति से निपटने के लिए एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ सहित विभिन्न टीमों ने आग बुझाने और फंसे लोगों को बचाने का सफलतापूर्वक अभ्यास किया, जिससे डीएम संतुष्ट दिखे।

हवाई हमले की चेतावनी का सायरन बजते ही सुरक्षा की दृष्टिगत प्लांट में ब्लैक आउट कर दिया गया।
HighLights
इंडियन ऑयल प्लांट में आपातकालीन मॉक ड्रिल का आयोजन।
हवाई हमले की चेतावनी पर ब्लैक आउट, बचाव कार्य।
एसडीआरएफ, एनडीआरएफ ने सफलतापूर्वक बचाव अभ्यास किया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। इंडियन आयल के बाबतपुर स्थित प्लांट में सोमवार को आपात काल और हमले की स्थिति में हालात से निबटाने की परीक्षा में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान पास हो गए। हवाई हमले की चेतावनी का सायरन बजते ही सुरक्षा की दृष्टिगत प्लांट में चहुंओर अंधेरा (ब्लैक आउट) कर दिया गया।
इसके बाद सुरक्षाकर्मी आग की लपटों से जूझते हुए ध्वस्त इमारतों में फंसे लोगों को निकाल लाए। माक ड्रिल के समय मौजूद रहे डीएम सत्येंद्र कुमार के चेहरे पर सुकून के भाव दिखे। कुछ ऐसा कि दुस्साहस का जवाब देने में उनका तंत्र पूर्णतया सक्षम हैं। रविवार शाम छह बजे बाटलिंग प्लांट में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बरेका, पुलिस, इंडियन आयल, नागरिक सुरक्षा और अग्निशमन विभाग की टीमों ने आपात स्थिति में निबटने की तैयारियों का अभ्यास किया।
हमले की चेतावनी का सायरन बजा ही था कि पूरा तंत्र हरकत में आ गया। पलांट की बिजली गुल कर दी गई। हमले चेतावनी समाप्त होने के बाद बचाव कार्य शुरू हुआ। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने छोटी आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर और बड़ी आग पर बुझाने को अग्निशमन विभाग के फायर टेंडर का इस्तेमाल प्रदर्शित किया।
सिलिंडर और तेल में लगी आग बुझाने का तरीका भी बताया गया। सुरक्षाकर्मियों ने क्षतिग्रस्त इमारतों की दीवारों को काटकर लोगों को सुरक्षित निकाला। बरेका की टीम ने रस्सी से घायलों को इमारतों से उतारा और चिकित्सा टीम ने उन्हें अस्पताल भेजा।
डीसीपी सुरक्षा अनिल कुमार यादव, एडीसीपी गोमती नृपेंद्र, एसडीएम कुंदन राज कपूर, बरेका के उप महाप्रबंधक नीरज गुप्ता और आइओसी के मुख्य प्रबंधक सुभाष भाटी, अग्निशमन विभाग के दीपक सिंह, चिकित्सा विभाग से मनोज कुमार सिंह, एनडीआरएफ से रामभुवन और एसडीआरएफ से रविशंकर यादव, नागरिक सुरक्षा के उपनियंत्रक जेडी सिंह, डा. अंकुर चड्ढा, डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय, चीफ वार्डेन विनोद गुप्ता आदि रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।